पीएम मोदी आज राजस्थान से 14 वर्ष की लड़कियों के लिए शुरू करेंगे देशव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान

0 27

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री Narendra Modi शनिवार को राजस्थान के अजमेर का दौरा करेंगे। सुबह लगभग 11:30 बजे वह 16,680 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ करेंगे। इन परियोजनाओं में शहरी विकास, पेयजल आपूर्ति, सड़कें, सिंचाई, ऊर्जा और औद्योगिक अवसंरचना जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं। प्रधानमंत्री इस अवसर पर एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

देशव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ

निवारक स्वास्थ्य देखभाल और महिलाओं के कल्याण को सुदृढ़ करने के लिए पीएम मोदी 14 वर्ष की लड़कियों के लिए ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान की शुरुआत करेंगे। इस पहल का उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर को रोकना है, जो महिलाओं में कैंसर संबंधी रुग्णता का एक प्रमुख कारण है। यह अभियान देश भर में लड़कियों और महिलाओं के दीर्घकालिक स्वास्थ्य की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाएगा।

रोजगार और युवा सशक्तिकरण

पीएम मोदी राजस्थान में विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नव नियुक्त युवाओं को 21,800 से अधिक नियुक्ति पत्र भी वितरित करेंगे। यह कदम रोजगार सृजन और युवा सशक्तिकरण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाता है।

सड़क और परिवहन परियोजनाओं का उद्घाटन

सड़क संपर्क को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री बांदीकुई से जयपुर तक 4-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, अमृतसर-जामनगर आर्थिक कॉरिडोर के पैकेज 7 खंड में 6-लेन एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीन हाईवे और दिल्ली-वडोदरा एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पैकेज 14 खंड में 8-लेन कैरिजवे का उद्घाटन करेंगे। वह जोधपुर में 4-लेन एलिवेटेड रोड और बारां जिले में मालबमोरी-मंगरोल-बारां राज्य राजमार्ग की आधारशिला भी रखेंगे।

पेयजल और नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाएं

सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप, पीएम मोदी नोनेरा प्रमुख पेयजल परियोजना के चार पैकेजों और परवान अकावाद प्रमुख पेयजल परियोजना के पांच पैकेजों की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा राजस्थान के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों (आरईजेड) से बिजली निकासी हेतु पांच 220 केवी और दो 400 केवी ग्रिड सबस्टेशन का उद्घाटन और संबंधित ट्रांसमिशन लाइनों की आधारशिला भी रखी जाएगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.