परीक्षा से पहले पीएम मोदी का सीधा संवाद: आज ‘परीक्षा पे चर्चा’ में छात्रों को देंगे तनावमुक्त रहने के मंत्र, सुबह 10 बजे होगा कार्यक्रम
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को देशभर के विद्यार्थियों से ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के माध्यम से सीधा संवाद करेंगे। सुबह 10 बजे शुरू होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में प्रधानमंत्री छात्रों को परीक्षा के तनाव से निपटने, सकारात्मक सोच बनाए रखने और सीखने की प्रक्रिया को सहज बनाने के अहम मंत्र साझा करेंगे। यह कार्यक्रम टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के साथ-साथ ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनीलिव, प्राइम वीडियो और जी5 पर भी उपलब्ध रहेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर छात्रों से इस कार्यक्रम को अवश्य देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ में परीक्षा से जुड़े कई बेहद रोचक और उपयोगी विषय शामिल किए गए हैं, जिनमें तनावमुक्त रहने की आवश्यकता, सीखने पर फोकस और जीवन कौशल जैसे अहम पहलू शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने इसे देशभर के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों से जुड़ने का पसंदीदा मंच बताया।
2018 से लगातार आयोजित हो रहा है ‘परीक्षा पे चर्चा’
‘परीक्षा पे चर्चा’ का आयोजन वर्ष 2018 से हर साल किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री न केवल छात्रों से, बल्कि शिक्षकों और अभिभावकों से भी संवाद करते हैं और परीक्षा से जुड़े दबाव को कम करने के लिए मार्गदर्शन देते हैं। यह मंच धीरे-धीरे छात्रों के लिए एक प्रेरणादायक संवाद कार्यक्रम के रूप में स्थापित हो चुका है।
देश के कई शहरों से जुड़े संवाद सत्र
इस वर्ष ‘परीक्षा पे चर्चा’ के संवाद सत्र गुजरात के देवमोगरा, तमिलनाडु के कोयंबटूर, छत्तीसगढ़ के रायपुर, असम के गुवाहाटी और दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास 7, लोक कल्याण मार्ग से एक साथ आयोजित किए जा रहे हैं। इसके जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों से छात्र इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे।
रिकॉर्ड भागीदारी, 6.76 करोड़ से ज्यादा लोग जुड़े
‘परीक्षा पे चर्चा’ 2026 को लेकर छात्रों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। इस कार्यक्रम के लिए 4.5 करोड़ से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया, जबकि इससे जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में अतिरिक्त 2.26 करोड़ लोगों ने हिस्सा लिया। इस तरह इस वर्ष कुल भागीदारी 6.76 करोड़ से अधिक तक पहुंच गई है, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है।