पीएम सूर्यघर योजना: 1 करोड़ घरों को मिलेगा मुफ्त सोलर कनेक्शन

300 यूनिट तक मुफ्त बिजली और ₹78,000 तक सब्सिडी — अब छत पर सोलर लगवाना हुआ आसान, ऑनलाइन आवेदन शुरू

0 23

गौतमबुद्धनगर: पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी/परियोजना अधिकारी यूपी नेडा गौतम बुद्ध नगर लवेश कुमार सिसोदिया ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा), विभूति खण्ड, गोमतीनगर, लखनऊ द्वारा भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना पी०एम० सूर्यघरः मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत प्रदेशवासियों को सौर ऊर्जा अपनाने हेतु प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य एक करोड़ घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित कर उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराना है। साथ ही, इस योजना के माध्यम से आमजन न केवल बिजली की बचत कर सकेंगे बल्कि अतिरिक्त विद्युत उत्पादन कर उसे बेचकर आय का अतिरिक्त स्रोत भी प्राप्त कर सकेंगे।
योजना के अंतर्गत पात्र उपभोक्ताओं को सोलर संयंत्र स्थापना पर सीधे उनके बैंक खाते में अधिकतम ₹78,000 तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। 01 किलोवाट क्षमता के लिए ₹30,000, 02 किलोवाट के लिए ₹60,000 तथा 03 किलोवाट के लिए ₹78,000 तक की सब्सिडी अनुमन्य है। इच्छुक आवेदक योजना की आधिकारिक वेबसाइट https://pmsuryaghar.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया अत्यंत सरल एवं पारदर्शी है। इच्छुक उपभोक्ता पोर्टल पर पंजीकरण कर आवेदन पत्र भरें, तत्पश्चात संबंधित डिस्कॉम से अनुमोदन प्राप्त करें। अनुमोदन के उपरांत सोलर पैनल स्थापित करवाकर नेट मीटर का विवरण एवं बैंक खाते की जानकारी पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात सब्सिडी की धनराशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में हस्तांतरित कर दी जाएगी।
योजना के अंतर्गत 03 किलोवाट तक के सोलर संयंत्र हेतु लगभग 7 प्रतिशत ब्याज दर पर बिना गारंटी (Collateral-Free) ऋण सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे आम नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए सौर ऊर्जा अपनाने में सुविधा मिलेगी। योजना के तहत पात्रता की शर्तें निर्धारित की गई हैं, जिनके अनुसार आवेदक भारतीय नागरिक होना चाहिए, उसके घर की छत सोलर पैनल स्थापना के लिए उपयुक्त होनी चाहिए, वैध बिजली कनेक्शन होना अनिवार्य है तथा किसी अन्य सोलर सब्सिडी योजना का पूर्व में लाभ न लिया हो। आवेदन हेतु आवश्यक दस्तावेजों में आधार कार्ड, नवीनतम बिजली बिल, बैंक पासबुक (खाता विवरण हेतु), मोबाइल नंबर एवं ई-मेल आईडी शामिल हैं। विस्तृत जानकारी हेतु इच्छुक व्यक्ति किसी भी कार्यदिवस में कार्यालय परियोजना अधिकारी, यूपीनेडा, कक्ष संख्या 111, विकास भवन, सूरजपुर, ग्रेटर नोएडा, जनपद गौतमबुद्धनगर में संपर्क कर सकते हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.