तेलंगाना में फार्महाउस पार्टी पर पुलिस का छापा, सांसद-पूर्व विधायक समेत कई लोग हिरासत में; फायरिंग का भी आरोप

0 34

हैदराबाद। तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में एक फार्महाउस पार्टी के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सांसद और पूर्व विधायक समेत कई लोगों को हिरासत में लिया है। छापेमारी के दौरान पुलिस पर फायरिंग किए जाने का भी आरोप लगा है। पुलिस ने मौके से संदिग्ध नशीला पदार्थ बरामद किया है और सभी लोगों के ड्रग टेस्ट कराए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक पुलिस को फार्महाउस में पार्टी के दौरान नशीले पदार्थों के इस्तेमाल की सूचना मिली थी। इसी आधार पर पुलिस की टीम रात करीब 9:30 बजे रंगा रेड्डी जिले के मोइनाबाद इलाके में स्थित फार्महाउस पर पहुंची।

छापेमारी के दौरान चली गोली

पुलिस के अनुसार छापेमारी के दौरान वहां मौजूद दिल्ली के रियल एस्टेट कारोबारी नमित शर्मा ने बंदूक से एक राउंड फायर कर दिया। हालांकि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और मौके पर मौजूद लोगों को पकड़ लिया।

जांच में सामने आया कि इस्तेमाल की गई बंदूक लाइसेंसी थी और यह रितेश रेड्डी के नाम पर दर्ज है। रितेश रेड्डी पूर्व विधायक पायलट रोहित रेड्डी के छोटे भाई बताए जा रहे हैं।

मौके से मिला संदिग्ध सफेद पाउडर

पुलिस को छापेमारी के दौरान करीब दो ग्राम सफेद पाउडर भी बरामद हुआ है, जिसके नशीला पदार्थ होने की आशंका जताई जा रही है। इसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

बताया गया है कि पार्टी में कुल 11 लोग मौजूद थे, जिनमें 10 पुरुष और एक महिला शामिल थी। इनमें पूर्व विधायक पायलट रोहित रेड्डी और तेलुगु देशम पार्टी के एलुरु से सांसद पुट्टा महेश कुमार समेत कई लोग मौजूद थे।

पार्टी में रितेश रेड्डी, नमित मिश्रा, एम. रमेश, श्रवण कुमार, विजय कृष्ण, रवि और अर्जुन रेड्डी भी शामिल थे। वहीं पकड़ी गई महिला की पहचान शरीफ रेड्डी के रूप में हुई है, जो श्रीधर रेड्डी की पत्नी बताई जा रही हैं।

5 लोगों का ड्रग टेस्ट पॉजिटिव

पुलिस ने मौके पर मौजूद सभी लोगों का ड्रग टेस्ट कराया। जांच में पांच लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें रोहित रेड्डी, नमित मिश्रा, रितेश रेड्डी, कौशिक रवि और अर्जुन रेड्डी के नाम शामिल बताए जा रहे हैं।

चेवेल्ला के डीसीपी योगेश गौतम के मुताबिक सभी के सैंपल आगे की जांच के लिए भेजे गए हैं। अंतिम रिपोर्ट आने के बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वीकेंड पार्टी बताई जा रही थी वजह

पुलिस पूछताछ में पार्टी में मौजूद लोगों ने बताया कि यह एक वीकेंड गेट-टुगेदर था, जिसे आपसी मेलजोल बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम का आयोजन पूर्व विधायक पायलट रोहित रेड्डी के फार्महाउस पर किया गया था।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पार्टी में मौजूद सभी लोगों से पूछताछ जारी है।

कांग्रेस नेता ने की सख्त कार्रवाई की मांग

इस मामले को लेकर कांग्रेस नेता वी. हनुमंत राव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सरकार नशीले पदार्थों के इस्तेमाल के खिलाफ सख्त कदम उठा रही है, लेकिन इसके बावजूद नेताओं के फार्महाउस में ऐसी घटनाएं सामने आना चिंताजनक है।

उन्होंने कहा कि इस मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.