संसद में गरमाई सियासत: राहुल गांधी के ‘चाय-बिस्किट’ वीडियो पर भाजपा का हमला, कार्रवाई की मांग

0 53

नई दिल्ली: संसद परिसर में विपक्षी सांसदों के प्रदर्शन के दौरान चाय और बिस्किट खाते हुए सामने आए वीडियो को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है। इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कार्रवाई की मांग की है। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया कि संसद परिसर के मकर द्वार पर धरना-प्रदर्शन की अनुमति नहीं होने के बावजूद विपक्षी सांसद वहां बैठकर प्रदर्शन करते दिखाई दिए।

निशिकांत दुबे ने संसद में उठाया मुद्दा
लोकसभा में अपनी बात रखते हुए भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि यदि आम जनता को एलपीजी से जुड़ी दिक्कतें हैं तो सरकार उस पर काम कर रही है, लेकिन संसद परिसर में इस तरह प्रदर्शन करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि संसद और सड़क के आंदोलन अलग-अलग होते हैं और संसद परिसर किसी प्रकार के धरना या प्रदर्शन के लिए नहीं है।

उन्होंने यह भी कहा कि स्पीकर के निर्देश के अनुसार मकर द्वार पर किसी भी तरह का धरना-प्रदर्शन नहीं किया जा सकता। इसके बावजूद विपक्षी सांसद वहां बैठकर प्रदर्शन करते दिखाई दिए।

‘संसद परिसर पिकनिक की जगह नहीं’
निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि जब देश में एलपीजी को लेकर लोग परेशान हैं, तब नेता प्रतिपक्ष अपने साथियों के साथ संसद परिसर में चाय और कॉफी पीते तथा बिस्किट और टोस्ट खाते नजर आए। उन्होंने कहा कि संसद परिसर पिकनिक मनाने की जगह नहीं है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्पीकर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि संसद परिसर में कहीं भी चाय या कॉफी नहीं पी जाएगी और न ही वहां किसी प्रकार की पिकनिक जैसा माहौल बनाया जाएगा।

फोटो दिखाकर साधा निशाना
भाजपा सांसद ने सदन में एक फोटो भी दिखाया, जिसमें राहुल गांधी और अन्य विपक्षी सांसद संसद के द्वार पर बैठकर एलपीजी सिलेंडर को लेकर प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर उन्होंने नोटिस भी दिया है और इस पर कार्रवाई होनी चाहिए।

अनुराग ठाकुर ने भी किया हमला
इस मुद्दे पर भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने भी राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। लोकसभा में बोलते हुए उन्होंने राहुल गांधी को ‘लीडर ऑफ प्रोपेगेंडा’ बताया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस सदन में बिना सिविक सेंस, कॉमन सेंस और कॉन्स्टिट्यूशनल सेंस के आते हैं।

विपक्ष के प्रदर्शन के बाद बढ़ी राजनीतिक बयानबाजी
गौरतलब है कि एक दिन पहले विपक्षी सांसदों ने एलपीजी सिलेंडर की कथित कमी को लेकर संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया था। इसी दौरान चाय और बिस्किट के साथ बैठने का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में इस पर बहस तेज हो गई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.