जनगणना-2027 में लापरवाही पर सख्ती, दो कर्मचारियों के निलंबन और पांच संविदाकर्मियों की सेवा समाप्ति की प्रक्रिया शुरू
नोएडा: जनगणना-2027 के तहत चल रहे हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग जनगणना (एचएलबी) कार्य में अपेक्षित प्रगति न होने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अधिकारियों के अनुसार निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले अभी तक केवल 52 प्रतिशत एचएलबी ही लाइव हो सकी हैं, जबकि बड़ी संख्या में कर्मचारियों द्वारा कार्य के प्रति उदासीनता बरती जा रही है।
2284 में से केवल 1172 एचएलबी पर काम शुरू
जारी जानकारी के अनुसार कुल 2284 एचएलबी में से 1172 पर कार्य प्रगति पर है, जबकि 16 एचएलबी का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। वहीं 1096 एचएलबी पर अभी तक काम शुरू नहीं हो पाया है। प्रशासन का मानना है कि राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य में कर्मचारियों की कम रुचि और ड्यूटी बदलवाने अथवा कटवाने के प्रयास इसकी प्रमुख वजह हैं।
दो कर्मचारियों के निलंबन की कार्रवाई शुरू
जनगणना कार्य में कथित लापरवाही के आरोप में प्राधिकरण की नियमित कर्मचारी श्रीमती श्वेता तलवार और श्रीमती पिंकी मावी के निलंबन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना कार्य में लापरवाही को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पांच संविदाकर्मियों की सेवा समाप्त करने की तैयारी
इसके अलावा संविदा पर कार्यरत नीरज, ईश्वर तवर, महबूब अली, राजेश शर्मा और धर्मेंद्र सिंह के खिलाफ सेवा समाप्ति की कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि कार्य में सहयोग नहीं करने वाले अन्य संविदाकर्मियों पर भी इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी।
अन्य विभागों के कर्मचारियों पर भी होगी कार्रवाई
प्रशासन ने बताया कि जिन विभागों के कर्मचारी अब तक जनगणना कार्य शुरू नहीं कर पाए हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को पत्र भेजे जा रहे हैं। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू
जनगणना कार्य में असहयोग करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा-5 और धारा-11 के तहत कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने ऐसे मामलों में विधिसम्मत प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी है।