गौतमबुद्धनगर में जनगणना 2027 की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। इसी कड़ी में ग्रेटर नोएडा स्थित जीएनआईटी कॉलेज में जनपद के लिए नामित 72 फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है, जिसमें उन्हें जनगणना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जानकारी दी जा रही है।
फील्ड ट्रेनर्स को मिलेगा डिजिटल और व्यावहारिक प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना की अवधारणाओं, प्रक्रिया, नियमों और कार्यप्रणाली से अवगत कराया जा रहा है। साथ ही मोबाइल एप और पोर्टल के माध्यम से डेटा संकलन की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया जा रहा है, ताकि फील्ड स्तर पर कार्य में किसी प्रकार की दिक्कत न आए।
प्रशिक्षित टीम आगे देगी प्रगणकों को प्रशिक्षण
यह फील्ड ट्रेनर्स प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अप्रैल माह में जनपद की विभिन्न तहसीलों, नगरीय निकायों और औद्योगिक प्राधिकरणों में कार्यरत प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। इसका उद्देश्य जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित और प्रभावी तरीके से संपन्न कराना है।

दो चरणों में पूरी होगी जनगणना प्रक्रिया
जनगणना 2027 को दो चरणों में संपन्न कराया जाएगा। पहले चरण में 22 मई से 20 जून 2026 तक मकान सूचीकरण और मकानों की गणना की जाएगी, जबकि दूसरे चरण में 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 के बीच जनसंख्या की वास्तविक गणना की जाएगी।
विशेषज्ञों द्वारा दिया जा रहा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रतिभागियों को मार्गदर्शन दिया जा रहा है। साथ ही जनगणना निदेशालय उत्तर प्रदेश से नामित जिला प्रभारी भी प्रशिक्षण प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। प्रशासनिक स्तर पर भी कार्यक्रम की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।