जेवर एयरपोर्ट लोकार्पण की तैयारियां तेज, मंडलायुक्त ने दिए सख्त निर्देश—भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन पर जोर

बैठक में तैयारियों की व्यापक समीक्षा, सभी विभागों को समन्वय के निर्देश

0 49

गौतमबुद्धनगर, 23 मार्च 2026। जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अब तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मेरठ मंडल के मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में एयरपोर्ट सभागार में अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित जिलास्तरीय अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में अब तक की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध और मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि आयोजन भव्य और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

मंच, सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष फोकस

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के जरिए तैयारियों की प्रगति से अवगत कराया। इस पर मंडलायुक्त ने मंच, लोकार्पण स्थल और रैली स्थल की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, पार्किंग की समुचित व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, आमंत्रण प्रक्रिया, शटल बस सेवा और वीआईपी एवं वीवीआईपी मूवमेंट को सुचारु रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी मूलभूत सुविधाओं को उच्च स्तर पर सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

एलईडी के जरिए दिखेगी प्रदेश की पहचान और एयरपोर्ट की झलक

मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि मंच पर स्थापित एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं, सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और ओडीओपी उत्पादों से जुड़ी उच्च गुणवत्ता की वीडियो और फोटो सामग्री प्रदर्शित की जाए। इसके साथ ही एयरपोर्ट परियोजना से संबंधित प्रस्तुति को भी प्रमुखता दी जाए। उन्होंने कार्यक्रम के व्यापक कवरेज और एक लघु फिल्म तैयार करने के निर्देश भी दिए, ताकि आयोजन की भव्यता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सके।

प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन, साइनेज और ट्रैफिक प्लान पर जोर

मंडलायुक्त ने प्रोटोकॉल के कड़ाई से पालन के निर्देश देते हुए कहा कि रैली स्थल, पार्किंग और प्रमुख मार्गों पर स्पष्ट साइनेज लगाए जाएं। इनमें पार्किंग नंबर, रूट प्लान, गेट नंबर, कंट्रोल रूम, मेडिकल कैंप और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम शामिल हैं। एंट्री पॉइंट्स पर सुरक्षा जांच को तेज और सुगम बनाने के लिए माइक्रो पार्किंग प्लान लागू करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मंच, पार्किंग, कंट्रोल रूम, क्रेन संचालन और जनसमूह व वीआईपी प्रबंधन के लिए नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने को कहा गया।

आपात और वैकल्पिक योजना सक्रिय रखने के निर्देश

उन्होंने सभी विभागों को लाइजनिंग व्यवस्था मजबूत करने, इमरजेंसी और कंटीजेंसी प्लान को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा सभी मार्गों की मरम्मत, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था को पहले से दुरुस्त करने पर भी जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने दिया भरोसा, निर्देशों का होगा पूर्ण पालन

बैठक में जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि मंडलायुक्त द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का संबंधित अधिकारियों के माध्यम से अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। बैठक में विभिन्न प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.