देश के 46 शिक्षकों को आज सम्मानित करेंगी राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री करेंगे विजेताओं से बातचीत

0 478

नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शिक्षक दिवस के मौके पर आज देश के 46 शिक्षकों को सम्मानित करेंगी। राष्ट्रपति ‘शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार 2022’ के तहत पुरस्कृत करेंगी। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शाम साढ़े चार बजे विजेता शिक्षकों से रूबरू होंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार- ‘शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान करने का उद्देश्य देश के कुछ बेहतरीन शिक्षकों के अद्वितीय योगदान का जश्न मनाना और सम्मान करना है। इन शिक्षकों ने अपनी प्रतिबद्धता और कड़ी मेहनत के माध्यम से न केवल स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार किया है, बल्कि अपने छात्रों के जीवन को भी समृद्ध किया है।’

इस वर्ष पुरस्कार पाने वाले शिक्षकों का चयन तीन चरणों में हुई ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए किया गया है। विजेता शिक्षक हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र और तेलंगाना समेत अन्य इलाकों से हैं। पुरस्कार समारोह का आयोजन दिल्ली के विज्ञान भवन में किया जाएगा। दूरदर्शन और शिक्षा मंत्रालय के स्वयं प्रभा चैनल्स पर इसका लाइव प्रसारण होगा। शिक्षा विभाग हर साल 5 सितंबर को सम्मान समारोह का आयोजन करता रहा है।

शिक्षक दिवस का आयोजन पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एस. राधाकृष्णन की स्मृति में उनकी जयंती पर किया जाता है। उनका जन्म 5 सितंबर, 1888 को हुआ था। शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान अनुकरणीय है। शिक्षक दिवस मनाने की परंपरा 1962 में शुरू हुई थी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.