सीतापुर में छात्र की गोली से घायल प्रिंसिपल अब खतरे से बाहर

0 426

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में एक छात्र ने स्कूल के प्रिंसिपल को गोली मार दी। प्रिंसिपल अब खतरे से बाहर हैं। डॉक्टरों ने रविवार को यह जानकारी दी।प्रिंसिपल लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती हैं। वहीं आरोपी छात्र फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही है।

सीतापुर में शनिवार को 12वीं कक्षा के एक छात्र ने अनुशासनहीनता पर फटकार लगाने के बाद अपने स्कूल के प्राचार्य राम सिंह वर्मा को स्कूल परिसर में ही गोली मार दी। यह घटना सदरपुर थाना क्षेत्र के आदर्श इंटर कॉलेज की है।

प्रिंसिपल के पेट में एक गोली लगी थी। उन्हें पहले स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और बाद में लखनऊ के केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में भेज दिया गया। डॉक्टरों ने कहा कि गनीमत है कि गोली ने उनके किसी भी महत्वपूर्ण अंग को नुकसान नहीं पहुंचाया। प्रिंसिपल अब खतरे से बाहर हैं।

पुलिस ने कहा कि आरोपी नाबालिग छात्र ने शुक्रवार को परिसर में एक साथी छात्र के साथ झगड़ा किया था। प्राचार्य ने दोनों को अपने कार्यालय में बुलाया और दोनों को फटकार लगाई थी। उन्होंने मारपीट के लिए आरोपी को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति पर गंभीर कार्रवाई होगी और उसे थप्पड़ भी मारा था।

शनिवार को आरोपी छात्र स्कूल आया और वर्मा पर फायरिंग कर दी। कथित तौर पर लड़का अपने बैग में कई गोलियां रखे हुए था। जब वह तीसरी गोली बंदूक में लोड कर रहा था, तभी छात्रों और कर्मचारियों ने उसे दबोचना चाहा, लेकिन वह फरार हो गया। सीतापुर के पुलिस अधीक्षक घुले सुशील चंद्रभान ने कहा, प्रथम दृष्टया आरोपी ने 315 बोर की देसी पिस्तौल का इस्तेमाल किया। आरोपी को पकड़ने के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया है। बदमाश छात्र के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.