भारत के इस जिले में कैदी चलाएंगे पेट्रोल पंप, जेल प्रशासन ने शुरु की अनूठी पहल

0 247

करनाल: हरियाणा के करनाल जिले में जेल प्रशासन ने कैदियों के सुधार और पुनर्वास के उद्देश्य से नई पहल की शुरुआत की है। जेल विभाग की ओर से एक पेट्रोल पंप खोला गया है, जिसे जेल के कैदी और बंदी चलाएंगे। रविवार को हरियाणा के जेल महानिदेशक (डीजी) मोहम्मद अकील ने पेट्रोल पंप का उद्घाटन किया। जेल डीजी मोहम्मद अकील ने बताया कि यह पहल कैदियों के जीवन में सुधार लाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। उन्होंने कहा, “कैदियों को काम करने का मौका मिलेगा, जिससे उनमें सुधार होगा। काम में व्यस्त रहने से जेल में अनुशासन बना रहता है और आपसी झगड़े भी नहीं होते। साथ ही उन्हें इस कार्य के बदले मेहनताना भी मिलेगा।”

पुलिस अधिकारी ने कहा, “पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल के साथ आने वाले समय में सीएनजी और इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग की भी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस पूरी परियोजना में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) की महत्वपूर्ण भागीदारी रही है।” डीजीपी मोहम्मद अकील ने बताया कि कुरुक्षेत्र में पंप सफलतापूर्वक चल रहा है। अंबाला, यमुनानगर और हिसार में भी इस तरह के पंप शुरू किए जा चुके हैं। आगामी समय में फरीदाबाद, नूंह और सिरसा में भी इस मॉडल को लागू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इन पेट्रोल पंपों पर तेल की गुणवत्ता की पूरी जिम्मेदारी वे स्वयं लेते हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि यहां तेल की गुणवत्ता में किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। ग्राहक निश्चिंत होकर पेट्रोल भरवा सकते हैं, उनकी गाड़ी अच्छे से चलेगी। जेल महानिदेशक के मुताबिक, यह पंप 24 घंटे चालू रहेगा। रात के समय अतिरिक्त स्टाफ तैनात रहेगा। इस पेट्रोल पंप से होने वाला मुनाफा सीधा सरकार के खाते में जाएगा। डीजीपी ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार की तरफ से किसी भी प्रकार के फंड की कमी नहीं है, चाहे वह नए जिलों में ऐसी सुविधाएं शुरू करने की बात हो या फिर कैदियों की जरूरतों की पूर्ति।

उन्होंने कहा कि कैदियों के जीवन सुधार के लिए जेल में और भी कई तरह के काम चल रहे हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.