Gen Z को राहुल गांधी की दो टूक सलाह, बोले– ज़िंदगी में कुछ भी सीधा नहीं होता, लचीलापन और धैर्य ही सबसे बड़ी ताकत
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जेनरेशन Z को जीवन और करियर को लेकर स्पष्ट और व्यावहारिक संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि जिंदगी में कुछ भी सीधी रेखा में नहीं चलता, इसलिए युवाओं को लचीला बनना चाहिए और धैर्य रखना चाहिए। राहुल गांधी ने यह संदेश यूएई में रहने वाले एनआरआई छात्रों के साथ हालिया बातचीत का वीडियो साझा करते हुए दिया है, जिसे उन्होंने अपने यूट्यूब प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया।
यूएई के एनआरआई छात्रों से बातचीत का वीडियो किया साझा
राहुल गांधी ने वीडियो के साथ लिखे संदेश में कहा, “सच्चे सवाल। ईमानदार जवाब। बिना किसी लाग-लपेट के।” उन्होंने बताया कि यूएई के युवा एनआरआई छात्रों के साथ हुई बातचीत के दौरान पहचान, जीवन का उद्देश्य और आज के युवाओं पर बढ़ते मानसिक दबाव जैसे अहम मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई।
Gen Z की चुनौतियों पर खुलकर रखी बात
इस बातचीत में राहुल गांधी ने जेन जी से जुड़े उन मुद्दों पर फोकस किया, जिनसे आज का युवा सीधे तौर पर जूझ रहा है। इनमें करियर और जुनून के बीच संतुलन बनाना, स्वतंत्र रूप से सोचने, खुद को अभिव्यक्त करने और नई चीजों को तलाशने की आज़ादी जैसे विषय शामिल रहे।
मानसिक दबाव और पूर्वाग्रहों पर भी चर्चा
राहुल गांधी ने युवाओं में बढ़ती चिंता, मानसिक तनाव और सामाजिक पूर्वाग्रहों पर भी बात की। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि वे खुद को सीमाओं में न बांधें और असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीखने का नजरिया विकसित करें। उनका कहना था कि धैर्य और लचीलापन ही युवाओं को लंबे समय में मजबूत बनाता है।
युवाओं से संवाद की राजनीति पर जोर
कांग्रेस नेता का यह संदेश ऐसे समय आया है, जब Gen Z के बीच करियर, पहचान और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर बहस तेज है। राहुल गांधी लगातार युवाओं से सीधे संवाद के जरिए उनके सवालों और चिंताओं को सामने लाने की कोशिश कर रहे हैं।