देशभर में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर के चार राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है, जबकि उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 15 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर कई हिस्सों में देखने को मिलेगा।
इन राज्यों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार सिक्किम में गरज के साथ भारी बारिश और बिजली कड़कने की संभावना है। वहीं अरुणाचल प्रदेश में 14, 15 और 18 अप्रैल को तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा 17 और 18 अप्रैल को असम और मेघालय में भी गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। इन चारों राज्यों में मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
15 अप्रैल से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
आईएमडी के ताजा बुलेटिन के मुताबिक 15 अप्रैल से सक्रिय हो रहा पश्चिमी विक्षोभ देश के कई हिस्सों के मौसम को प्रभावित करेगा। इसके प्रभाव से कुछ क्षेत्रों में बादल, बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है, जबकि अन्य इलाकों में तापमान में बदलाव दर्ज होगा।
तापमान में तेजी से होगा इजाफा
अगले 4-5 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने का अनुमान है। इसके चलते कई इलाकों में तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच सकता है।
उत्तर-पश्चिम भारत में 12 से 18 अप्रैल के बीच तापमान 4 से 6 डिग्री तक बढ़ सकता है। मध्य प्रदेश में यह वृद्धि 3 से 5 डिग्री तक रहने की संभावना है, जबकि विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 15 अप्रैल तक 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। पूर्वी भारत में भी 16 अप्रैल तक तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ने का अनुमान है।
गुजरात और महाराष्ट्र में भी तापमान में क्रमिक वृद्धि देखने को मिलेगी, हालांकि 16 अप्रैल के बाद इसमें ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं पूर्वोत्तर भारत में 14 से 18 अप्रैल के बीच तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है।
दिल्ली-यूपी में बढ़ेगी गर्मी, 40 पार जाएगा पारा
मौसम विभाग ने दिल्ली में आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना जताई है। न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में फिलहाल कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं है, जिससे तापमान में धीरे-धीरे 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होगी।