Raksha Bandhan 2026: मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 300 किलो पनीर नष्ट; दूध उत्पादों के 8 नमूने जांच के लिए भेजे

0 30

गौतमबुद्धनगर: रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए जिले में लोगों को शुद्ध और गुणवत्ता वाला खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। विभाग की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए पनीर, दही, खोया और बूंदी के लड्डू के कुल 8 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। वहीं, प्रथम दृष्टया मानव उपयोग के लिए अनुपयुक्त पाए गए करीब 300 किलो पनीर को मौके पर नष्ट कराया गया।

डीएनडी फ्लाईओवर के पास से पनीर का नमूना लिया

22 अगस्त की रात खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल गुप्ता ने डीएनडी फ्लाईओवर के पास किलोखरी, बुलंदशहर से दिल्ली सप्लाई के लिए ले जाए जा रहे पनीर का नमूना लिया। यह पनीर गजेंद्र द्वारा वाहन संख्या DL1LA N 3223 से ले जाया जा रहा था। नमूने को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

नोएडा मंडी और ग्रेटर नोएडा की डेयरियों में जांच

23 अगस्त को खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज की टीम ने सेक्टर-88 नोएडा मंडी स्थित कासिम पनीर भंडार से पनीर का एक नमूना लिया। वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों मुकेश कुमार, विजय बहादुर पटेल और रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने तुगलपुर, ग्रेटर नोएडा स्थित आशिफ डेयरी से पनीर और दही के नमूने लिए।

इसी कार्रवाई के दौरान नॉलेज पार्क-2 स्थित इशिका डेयरी से भी पनीर का नमूना लिया गया। जानकारी के मुताबिक इसी डेयरी से तुगलपुर स्थित आशिफ डेयरी को पनीर की आपूर्ति की गई थी।

बीकानेर स्वीट से खोया और बूंदी लड्डू के नमूने

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह ने यथार्थ अस्पताल, ग्रेटर नोएडा के पास स्थित बीकानेर स्वीट से बूंदी के लड्डू और खोया के एक-एक नमूने लिए। इन नमूनों को भी गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

300 किलो पनीर प्रथम दृष्टया अनुपयुक्त मिलने पर नष्ट

खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल गुप्ता और रितु सक्सेना की टीम ने गढ़ी चौखंडी, नोएडा स्थित शौकीन डेयरी पर करीब 300 किलो पनीर बरामद किया। यह पनीर मेवात, हरियाणा से सप्लाई किया गया था। टीम ने पनीर का एक नमूना जांच के लिए लिया। प्रथम दृष्टया मानव उपयोग के लिए अनुपयुक्त प्रतीत होने पर बाकी करीब 300 किलो पनीर को नष्ट करा दिया गया।

रक्षाबंधन तक जारी रहेगा जांच अभियान

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि लोगों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध खाद्य और पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग की टीमें दूध और दूध से बने उत्पादों के नमूने लगातार संग्रहित कर उनकी गुणवत्ता की जांच कराएंगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.