हजारीबाग रोड पर रुकेगी रांची-वाराणसी वंदे भारत, धनबाद-गोरखपुर स्पेशल 30 मार्च तक; होली पर कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच
धनबाद। होली से पहले रेलवे ने झारखंड-बिहार रूट के यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रांची-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस को हजारीबाग रोड स्टेशन पर नया ठहराव मिल गया है। इसके साथ ही धनबाद-गोरखपुर होली स्पेशल के फेरे बढ़ाने और कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़ने का भी निर्णय लिया गया है।
हजारीबाग रोड स्टेशन पर दो मिनट का स्टॉपेज
जारी समय-सारणी के अनुसार 20887 रांची-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 8:12 से 8:14 बजे तक हजारीबाग रोड स्टेशन पर रुकेगी। वहीं 20888 वाराणसी-रांची वंदे भारत रात 8:17 से 8:19 बजे तक यहां ठहराव करेगी। इस फैसले से हजारीबाग और आसपास के यात्रियों को सीधी और तेज कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
रांची-आनंदविहार और पटना-विशाखापट्टनम के बीच होली स्पेशल
होली की भीड़ को देखते हुए हटिया-आनंदविहार स्पेशल 28 फरवरी और 7 मार्च (शनिवार) को हटिया से आनंदविहार के लिए चलेगी, जबकि आनंदविहार-हटिया स्पेशल 1 और 8 मार्च को संचालित होगी।
इसके अलावा विशाखापट्टनम-पटना स्पेशल 1 और 8 मार्च को तथा पटना-विशाखापट्टनम स्पेशल 2 और 9 मार्च को चलेगी। गया स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्य के कारण इन ट्रेनों को कोडरमा, तिलैया, राजगीर और नालंदा होकर चलाया जाएगा।
धनबाद-गोरखपुर स्पेशल के फेरे बढ़े
धनबाद-गोरखपुर स्पेशल के संचालन अवधि में विस्तार किया गया है। 03677 धनबाद-गोरखपुर स्पेशल और 03678 गोरखपुर-धनबाद स्पेशल अब 30 मार्च तक प्रत्येक सोमवार को चलेगी। पहले यह ट्रेन 9 मार्च तक ही प्रस्तावित थी।
बिहार जाने वाली ट्रेनों में अतिरिक्त कोच
होली के दौरान वापसी की भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए 28 फरवरी से 6 मार्च तक बिहार रूट की कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़े जाएंगे। 18603 रांची-भागलपुर-गोड्डा एक्सप्रेस में एक स्लीपर कोच, 18619 रांची-दुमका-गोड्डा एक्सप्रेस में एक स्लीपर कोच, 18622 हटिया-पटना पाटलिपुत्र एक्सप्रेस में एक स्लीपर कोच और 18183 टाटा-बक्सर एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त चेयर कार जोड़ी जाएगी।
रेलवे के इन निर्णयों से होली के दौरान यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी और भीड़ प्रबंधन में भी सहूलियत होगी।