महाशिवरात्रि पर बना दुर्लभ त्रि-योग संयोग, जानें शिव पूजा के 5 सबसे शुभ मुहूर्त और विधि

0 11

पटना। आस्था और भक्ति का पावन पर्व महाशिवरात्रि इस रविवार पूरे श्रद्धा भाव के साथ मनाया जाएगा। इस बार का पर्व ज्योतिषीय दृष्टि से अत्यंत विशेष माना जा रहा है, क्योंकि व्यतिपात योग, सर्वार्थ सिद्धि योग और जयद् योग का दुर्लभ त्रि-संयोग एक साथ बन रहा है, जिसे धार्मिक मान्यताओं में अत्यंत फलदायी बताया गया है। ऐसे शुभ योग में भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होने का विश्वास है।

शिव आराधना का विशेष महत्व और पूजन परंपरा
महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालु गंगाजल, दूध, दही, मधु, पंचामृत, चंदन, फूलमाला, बेलपत्र, धतूरा और भांग से शिवलिंग का अभिषेक करेंगे। घरों में नर्मदेश्वर, स्फटिक और पार्थिव शिवलिंग की विधिवत पूजा की जाएगी। दिनभर जलाभिषेक और रुद्राभिषेक के बाद संध्या समय भगवान शंकर का भव्य श्रृंगार किया जाएगा, जिसे अत्यंत शुभ माना जाता है।

नक्षत्र परिवर्तन से बढ़ेगा पुण्यफल
ज्योतिषाचार्य आचार्य राकेश झा के अनुसार महाशिवरात्रि के दिन रात्रि 7:40 बजे तक उत्तराषाढ़ा नक्षत्र रहेगा, जिसके बाद भगवान शिव का प्रिय श्रवण नक्षत्र प्रारंभ होगा। इस अवधि में उमा-महेश्वर की पूजा विशेष फलदायी मानी गई है और श्रद्धालु व्रत, पूजन, जलाभिषेक तथा रुद्राभिषेक के माध्यम से शिव-पार्वती की कृपा प्राप्त कर सकते हैं।

शिव को अर्पित वस्तुओं का आध्यात्मिक फल
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गंगाजल मानसिक शांति देता है, दूध उत्तम स्वास्थ्य का प्रतीक है, दही स्थिरता प्रदान करता है, घी बल-बुद्धि और विवेक बढ़ाता है, मधु वाणी में मधुरता लाता है, गुड़ दुख-दरिद्रता दूर करता है, इत्र मन-कर्म की पवित्रता बढ़ाता है, केसर यश और वैभव देता है, भांग नकारात्मक ऊर्जा का नाश करती है, धतूरा संतान सुख का कारक माना गया है, जबकि बिल्वपत्र अर्पित करने से चल-अचल संपत्ति की प्राप्ति का विश्वास है।

महाशिवरात्रि के 5 प्रमुख शुभ मुहूर्त
चर-लाभ मुहूर्त: सुबह 7:50 से 10:39 बजे तक
अमृत मुहूर्त: सुबह 10:39 से 12:04 बजे तक
अभिजित मुहूर्त: दोपहर 11:41 से 12:26 बजे तक
शुभ योग मुहूर्त: दोपहर 1:28 से 2:53 बजे तक
प्रदोष काल: शाम 5:42 से रात्रि 8:23 बजे तक

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.