लौटकर आया मानसून, नोरु चक्रवात के असर से हो रही बारिश, रेड व ऑरेंज अलर्ट जारी

0 125

नई दिल्ली । देश के अधिकांश इलाकों से मानसून (monsoon) की विदाई हो गई थी, लेकिन जाते-जाते देश के कई राज्यों में दशहरे पर ऐसी तेज बारिश (heavy rain) हुई कि रावण के पुतले जलाने में लोगों को पसीना आ गया।

आपको बता दें कि राजधानी भोपाल में मूसलाधार बारिश से दशहरा पूरी तरह तरबतर हो गया। बुधवार दोपहर और रात को हुई तेज बारिश ने रावण दहन के कार्यक्रम में खलल डाला। इस कारण दुर्गा पूजा विसर्जन और रावण दहन कार्यक्रमों में खलल पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार चीन सागर में नोरु तूफान की वजह से बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र और चक्रवाती हवाएं चल रही हैं, इस कारण नमी मिलने से बारिश हो रही है। यह सिलसिला मध्य अक्तूबर तक जारी रहने का अनुमान है।

नोरु तूफान की वजह से ही देश के कुछ राज्यों में मानसून अब भी ठिठका हुआ है और उसकी वापसी में विलंब हो रहा है। स्कायमेट के अनुसार कम दबाव का क्षेत्र व चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र आंध्र प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा आंध्र प्रदेश के ऊपर कम दबाव के क्षेत्र से जुड़े अन्य चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र से पूरे उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश तक फैली हुई है। ताजा बारिश से कहीं-कहीं फसलों को नुकसान पहुंचा है।

इन राज्‍यों के लिए रेड व ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार यूपी और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश होगी। विभाग ने यूपी व उत्तराखंड के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 7-8 अक्तूबर को उत्तराखंड के कुमाऊं और गढ़वाल अंचल में अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। इसी तरह यूपी में भी अगले दो तीन दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, आंध्र प्रदेश में भी कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा की संभावना है।

दिल्ली एनसीआर में भी वर्षा संभव
इधर, दिल्ली एनसीआर में करीब एक सप्ताह तक बादल छाए रहने व हल्की वर्षा होने का अनुमान है। उधर, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, सिक्किम समेत देश के पूर्वी राज्यों में अगले कुछ दिनों में भारी वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा के अनुसार इस बार मानसून 13 अक्तूबर तक लौटेगा।

इन राज्यों के लिए येलो अलर्ट हुआ
मौसम विभाग ने देश के 20 राज्यों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। यानी यहां गरज चमक व तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। ये राज्य हैं- यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना, पुड्डुचेरी, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु, केरल, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम तथा त्रिपुरा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.