जनगणना-2027 की तैयारियों पर कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक, DM बोलीं—राष्ट्रीय महत्व के इस काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

0 16

गौतमबुद्धनगर में प्रस्तावित जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने सक्रियता तेज कर दी है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी और प्रमुख जनगणना अधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना के सफल संचालन, डिजिटल प्रक्रिया और समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यह राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, इसलिए आंकड़ों की गुणवत्ता और समयसीमा दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए।

देश की नीतियों के लिए आधार बनते हैं जनगणना के आंकड़े

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश के विकास और नीति निर्धारण की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण आधार प्रदान करते हैं। इसी कारण इस कार्य को पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाना जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं और आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित की जाए।

दो चरणों में होगी जनगणना, पूरी प्रक्रिया डिजिटल

जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 दो चरणों में संपन्न होगी। पहला चरण 22 मई से 20 जून 2026 के बीच आयोजित किया जाएगा, जिसमें मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। इसके बाद दूसरा चरण 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 के बीच चलेगा, जिसमें जनसंख्या की वास्तविक गणना की जाएगी।

दोनों चरणों में डेटा संग्रहण के लिए मोबाइल एप का उपयोग किया जाएगा। साथ ही जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली पोर्टल के माध्यम से कार्य की रियल-टाइम निगरानी की जाएगी। आम नागरिकों को भी स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने का विकल्प दिया गया है, जिसके तहत 7 मई से 21 मई 2026 के बीच ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

प्रशिक्षण प्रक्रिया जारी, हजारों कर्मियों को मिलेगा प्रशिक्षण

बैठक में बताया गया कि फरवरी माह में राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षकों द्वारा जनपद के तीन मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इन मास्टर ट्रेनरों के माध्यम से जिले में कुल 72 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षित किया जाएगा। फील्ड ट्रेनरों का चयन और नियुक्ति पूरी हो चुकी है और उनका प्रशिक्षण 23, 24 और 25 मार्च को प्रस्तावित है।

इन्हीं फील्ड ट्रेनरों द्वारा आगे चलकर जिले में चार हजार से अधिक प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जो फील्ड स्तर पर घर-घर जाकर आंकड़ों का संग्रहण करेंगे।

31 मार्च तक मकान सूचीकरण ब्लॉक तैयार करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों और चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिया कि 31 मार्च 2025 से पहले जनगणना प्रबंधन पोर्टल पर मकान सूचीकरण ब्लॉक का निर्माण पूरा कर लिया जाए और प्रगणकों को कार्य आवंटित कर दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

इसके साथ ही बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा और पंचायत राज विभाग को अपने कर्मचारियों की सूची तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए ताकि उन्हें जनगणना कार्य के लिए नामित किया जा सके। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि मोबाइल, टैबलेट और कंप्यूटर संचालन का ज्ञान रखने वाले पंचायत सहायकों, सफाई कर्मियों और रोजगार सेवकों की सूची भी तैयार की जाए।

बैठक में अनुपस्थित अधिकारी पर जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी

समीक्षा बैठक के दौरान एक विकास प्राधिकरण के चार्ज अधिकारी की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने गहरा असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इतने महत्वपूर्ण कार्य से जुड़ी बैठक में अनुपस्थिति गंभीर लापरवाही मानी जाएगी और भविष्य में ऐसी स्थिति स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा जिला जनगणना अधिकारी अतुल कुमार, जनगणना निदेशालय के अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न प्राधिकरणों और तहसीलों के चार्ज अधिकारी मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.