गौतमबुद्धनगर में उत्तर प्रदेश विधान परिषद की विनियमन समीक्षा समिति की अहम बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता माननीय सभापति अश्विनी त्यागी ने की, जिसमें जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ निर्धारित 10 बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
कई विभागों के कामकाज की हुई गहन समीक्षा
बैठक के दौरान तीनों प्राधिकरणों के साथ-साथ पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य, परिवहन, लोक निर्माण और शिक्षा विभाग समेत अन्य विभागों के कार्यों का गहन मूल्यांकन किया गया। वर्ष 2024 से अब तक जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजे गए पत्रों और विकास कार्यों से जुड़े प्रस्तावों पर की गई कार्रवाई की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया।
जनप्रतिनिधियों के पत्रों पर कार्रवाई में तेजी के निर्देश
सभापति ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों के पत्रों पर समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही समिति द्वारा मांगी गई सूचनाओं को तय समयसीमा में उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। बैठक में शासकीय कार्यक्रमों में प्रोटोकॉल के पालन, जनप्रतिनिधि रजिस्टर की उपलब्धता और प्रोटोकॉल उल्लंघन के मामलों की भी समीक्षा की गई।

पारदर्शिता और जवाबदेही पर विशेष जोर
बैठक में मानव संपदा पोर्टल पर अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा संपत्ति विवरण जमा करने की स्थिति और भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों पर हुई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। समिति ने साफ कहा कि जनहित से जुड़े लंबित मामलों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए।
आयुष्मान कार्ड और सत्यापन अभियान पर निर्देश
समिति ने सफाई कर्मचारियों के सत्यापन कराने और पात्र लाभार्थियों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया। यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।

जिलाधिकारी ने दिया अनुपालन का भरोसा
बैठक में जिलाधिकारी ने अब तक की गई कार्यवाहियों की जानकारी देते हुए आश्वासन दिया कि समिति द्वारा दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का प्रभावी तरीके से पालन कराया जाएगा।
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस बैठक में समिति के सदस्य पवन कुमार सिंह, धर्मेन्द्र भारद्वाज, विरेन्द्र सिंह, ओमप्रकाश सिंह, श्रीचन्द शर्मा, दिनेश कुमार गोयल, जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित जिलाधिकारी मेधा रूपम और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।