रेप केस में दोषी करार, प्रज्वल रेवन्ना को शनिवार को सुनाई जाएगी सजा
बेंगलुरु की एमपी/एमएलए विशेष अदालत का बड़ा फैसला, पहली शिकायत घरेलू सहायिका ने अप्रैल 2024 में दर्ज कराई थी; 2000 से अधिक अश्लील वीडियो वायरल होने से मचा था हड़कंप
बेंगलुरु की एक विशेष अदालत ने शुक्रवार को जनता दल (सेक्युलर) के नेता और पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को रेप के एक मामले में दोषी करार दिया है। यह मामला कर्नाटक के हासन जिले के होलेनरसिपुरा ग्रामीण पुलिस स्टेशन में दर्ज हुआ था और प्रज्वल के खिलाफ दर्ज पहला रेप केस था, जो काफी समय से सुर्खियों में बना हुआ था। अब इस मामले में अदालत शनिवार को सजा का ऐलान करेगी। विशेष अदालत में लगातार चल रही सुनवाई के बाद यह फैसला सामने आया, जिसने कर्नाटक की सियासत में हलचल मचा दी है।
18 जुलाई को पूरी हुई थी सुनवाई, अब प्रज्वल रेवन्ना को सजा का इंतजार
बेंगलुरु स्थित एमपी/एमएलए की विशेष अदालत ने 18 जुलाई को प्रज्वल रेवन्ना से जुड़े बलात्कार मामले की सुनवाई पूरी कर ली थी और इसके बाद अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। शुक्रवार को अदालत ने उन्हें दोषी करार दिया, जबकि सजा का ऐलान अब शनिवार, 2 अगस्त को किया जाएगा। इस हाई-प्रोफाइल मामले पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि यह फैसला कर्नाटक की राजनीतिक फिजा में बड़ा असर डाल सकता है।
2000 से अधिक अश्लील वीडियो क्लिप सामने आने से मचा था हड़कंप
प्रज्वल रेवन्ना पिछले साल दर्ज किए गए चार आपराधिक मामलों में मुख्य आरोपी हैं। इन मामलों में सबसे गंभीर आरोप महिलाओं के यौन शोषण से जुड़ा है। जब सोशल मीडिया पर करीब 2,000 से अधिक अश्लील वीडियो क्लिप वायरल हुईं, तो यह मामला तूल पकड़ गया। इन क्लिप्स में कथित तौर पर कई महिलाओं के साथ यौन शोषण की घटनाएं रिकॉर्ड थीं, जिनमें रेवन्ना की संलिप्तता बताई गई। वीडियो के सामने आने के बाद पूरे राज्य में आक्रोश फैल गया और रेवन्ना के खिलाफ कानून सख्ती से हरकत में आया।
