इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन के 16वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आमने-सामने होंगे। गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मुकाबले में दोनों टीमों का प्रदर्शन शानदार रहा है। राजस्थान रॉयल्स ने रियान पराग की कप्तानी में अब तक तीन मुकाबले खेलकर सभी में जीत हासिल की है। वहीं डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी ने दो मैच खेले हैं और दोनों में विजय दर्ज की है। इस मैच में किसी एक टीम का विजयी अभियान जरूर रुकेगा, इसलिए फैंस की नजरें पूरी तरह इस मुकाबले पर टिकी हुई हैं।
आरसीबी का हेड टू हेड रिकॉर्ड राजस्थान के खिलाफ बेहतर
आईपीएल इतिहास में राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच कुल 34 मैच खेले गए हैं। इनमें आरसीबी ने 17 मुकाबले जीते हैं जबकि राजस्थान रॉयल्स 14 मैच जीतने में सफल रही है। इसके अलावा तीन मैच रद्द भी हुए हैं। पिछले सीजन में दोनों टीमों ने दो बार आमने-सामने खेला था, जिसमें आरसीबी ने दोनों मैच अपने नाम किए थे। वहीं 2024 के आईपीएल में राजस्थान ने आरसीबी के खिलाफ दो मैचों में जीत दर्ज की थी।
नज़रें विराट कोहली और वैभव सूर्यवंशी पर
इस मुकाबले में सबसे अधिक ध्यान विराट कोहली और वैभव सूर्यवंशी पर रहेगा। कोहली ने आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अब तक 800 से अधिक रन बनाए हैं और वह इस रिकॉर्ड को आगे बढ़ाने के लिए मैदान में उतरेंगे। वहीं वैभव सूर्यवंशी को लेकर सभी की निगाहें यह जानने पर हैं कि वह आरसीबी के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के खिलाफ कितनी प्रभावी बल्लेबाजी कर पाते हैं।