कीव: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। रूस ने शनिवार रात यूक्रेन पर हाइपरसोनिक ‘ओरेश्निक’ बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया, जिससे राजधानी कीव और आसपास के इलाकों में भारी तबाही मच गई। यह तीसरी बार है जब रूस ने युद्ध के दौरान इस घातक मिसाइल का इस्तेमाल किया है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सबसे पहले इस हमले की जानकारी दी, जिसके बाद रूस की तरफ से भी पुष्टि की गई कि रात के दौरान किए गए हमलों में ओरेश्निक हाइपरसोनिक मिसाइल का इस्तेमाल हुआ।
बिला त्सेरक्वा शहर को बनाया निशाना
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘टेलीग्राम’ पर पोस्ट करते हुए बताया कि रूस ने कीव क्षेत्र के बिला त्सेरक्वा शहर को निशाना बनाया। उनके मुताबिक यह हमला बड़े पैमाने पर किया गया और इसमें हाइपरसोनिक ओरेश्निक बैलिस्टिक मिसाइल का इस्तेमाल हुआ।
यह मिसाइल परमाणु और पारंपरिक दोनों तरह के वॉरहेड ले जाने में सक्षम मानी जाती है। हालांकि हमले का सटीक लक्ष्य तुरंत स्पष्ट नहीं हो सका।
कीव में रातभर गूंजते रहे धमाके
रूस ने मिसाइल हमलों के साथ-साथ ड्रोन अटैक भी किए, जिससे पूरी राजधानी कीव दहल उठी। रातभर हवाई हमले के सायरन बजते रहे और शहर के कई हिस्सों में धुएं के गुबार देखे गए।
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक हमले में सरकारी कार्यालयों, आवासीय इमारतों और स्कूलों के आसपास के क्षेत्रों को नुकसान पहुंचा है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार कम से कम 10 लोग घायल हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शहर के मध्य हिस्से में कई जोरदार धमाके सुनाई दिए। सूर्योदय तक हमलों का खतरा बना रहा और आगे भी मिसाइल तथा ड्रोन हमलों की आशंका जताई गई।
कीव के कई जिलों में भारी नुकसान
कीव सैन्य प्रशासन प्रमुख तिमूर तकाचेंको ने बताया कि राजधानी के कम से कम नौ जिलों में नुकसान दर्ज किया गया है। कई रिहायशी इमारतें हमले की चपेट में आई हैं।
कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को के मुताबिक शेवचेंको जिले में एक स्कूल की इमारत भी प्रभावित हुई, जहां लोग शरण लिए हुए थे। इसके अलावा सुपरमार्केट और गोदामों को भी नुकसान पहुंचा है।
क्षेत्रीय गवर्नर मायकोला कलाश्निक ने बताया कि कीव क्षेत्र के कई समुदाय इस हमले से प्रभावित हुए हैं।
यूक्रेन ने पहले ही जताई थी आशंका
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने इससे पहले अमेरिका और पश्चिमी देशों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर चेतावनी दी थी कि रूस ओरेश्निक हाइपरसोनिक मिसाइल का इस्तेमाल कर सकता है।
बाद में यूक्रेन की वायुसेना ने भी इस मिसाइल के दागे जाने को लेकर अलर्ट जारी किया था। हालांकि शुरुआती घंटों में यह स्पष्ट नहीं हो पाया था कि रातभर चले हमलों में इसी मिसाइल का इस्तेमाल हुआ है या नहीं।
रूस ने पहली बार नवंबर 2024 में यूक्रेन के निप्रो शहर पर ओरेश्निक मिसाइल का इस्तेमाल किया था। इसके बाद जनवरी में पश्चिमी लवीव क्षेत्र में भी इस मिसाइल से हमला किया गया था।