ईरान पर ट्रंप और नेतन्याहू एक सुर में, बोले- तेहरान को परमाणु हथियार बनाने नहीं देंगे

0 26

यरुशलम: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान को लेकर बड़ा और सख्त संदेश दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई बातचीत के बाद नेतन्याहू ने साफ कहा कि उनकी और ट्रंप की नीति पूरी तरह एक जैसी है और ईरान को किसी भी कीमत पर परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिया जाएगा।

तेहरान को लेकर बढ़ते तनाव के बीच नेतन्याहू का यह बयान काफी अहम माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं के बीच होर्मुज स्ट्रेट को लेकर संभावित समझौते और ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर आगे होने वाली वार्ता को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

अमेरिका और इजरायल ने मिलकर किया काम

इजरायली प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप को इजरायल की सुरक्षा के लिए उनके मजबूत समर्थन पर धन्यवाद दिया।

नेतन्याहू ने ‘शागात हाआरी’ और ‘Epic Fury’ जैसे अभियानों का जिक्र करते हुए कहा कि इन ऑपरेशनों में अमेरिकी और इजरायली सेनाओं ने मिलकर ईरानी खतरे का सामना किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग लगातार मजबूत हुआ है।

ईरान का परमाणु खतरा पूरी तरह खत्म करने पर जोर

नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल और अमेरिका इस बात पर सहमत हैं कि ईरान के साथ कोई भी अंतिम समझौता तभी स्वीकार किया जाएगा जब उसका परमाणु खतरा पूरी तरह खत्म हो जाए।

उन्होंने कहा कि इसके लिए ईरान के परमाणु संवर्धन केंद्रों को नष्ट करना और संवर्धित परमाणु सामग्री को देश से बाहर करना जरूरी होगा। नेतन्याहू के मुताबिक केवल बातचीत पर्याप्त नहीं होगी, बल्कि ठोस कार्रवाई भी जरूरी है।

‘अमेरिका-इजरायल साझेदारी पहले से ज्यादा मजबूत’

इजरायली प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने लेबनान समेत सभी मोर्चों पर इजरायल के आत्मरक्षा के अधिकार का समर्थन दोहराया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की साझेदारी सिर्फ कूटनीतिक स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि युद्ध के मैदान में भी यह मजबूती साबित हो चुकी है।

नेतन्याहू ने कहा कि मौजूदा समय में अमेरिका और इजरायल के रिश्ते पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हो गए हैं और दोनों देश क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर एकजुट हैं।

ईरान को लेकर दो टूक संदेश

अपने बयान के अंत में नेतन्याहू ने फिर दोहराया कि उनकी और डोनाल्ड ट्रंप की नीति पूरी तरह समान है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होगा और इसे रोकने के लिए दोनों देश हर जरूरी कदम उठाएंगे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.