गौतमबुद्धनगर में संपूर्ण समाधान दिवस: 170 शिकायतें दर्ज, 7 का मौके पर निस्तारण; अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
गौतमबुद्धनगर: जिले की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जनसामान्य की कुल 170 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 7 शिकायतों का संबंधित अधिकारियों ने मौके पर ही निस्तारण कर दिया। शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।
दादरी तहसील में जिलाधिकारी ने सुनीं शिकायतें
तहसील दादरी में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां सबसे अधिक 128 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

समाधान दिवस के दौरान मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी दादरी अभिनेंद्र सिंह, प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, तहसीलदार दादरी कृष्ण कुमार कौशिक समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
सदर तहसील में 4 शिकायतें दर्ज
तहसील सदर में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पांडेय की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। यहां जनसामान्य की 4 शिकायतें दर्ज की गईं।
जेवर तहसील में 38 शिकायतें पहुंचीं
तहसील जेवर में उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। इस दौरान कुल 38 शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने सभी शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया।