पाकिस्तानी तस्करों से संबंध के आरोप में तरनतारन का सरपंच गिरफ्तार, 18 किलो हेरोइन बरामद; सीमा पर घुसपैठिया भी ढेर
पंजाब के तरनतारन जिले में नशा तस्करी से जुड़े एक बड़े मामले में गांव कलसिया के सरपंच परमजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया है। उस पर पाकिस्तानी तस्करों के साथ संबंध होने का आरोप है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने उसके कब्जे से 18 किलो हेरोइन बरामद की है। बताया गया है कि इस मामले में तीन दिन पहले ही उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
मंगलवार तड़के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने गांव कलसिया में बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया। सुबह करीब तीन बजे शुरू हुआ यह अभियान करीब साढ़े सात बजे तक चला। इस दौरान टीम ने परमजीत सिंह को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के बाद दूसरे गांव में भी छापेमारी
सरपंच की गिरफ्तारी के बाद जांच टीम ने एक अन्य गांव में भी छापेमारी की। यहां से एक दंपती को पूछताछ के बाद हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और तस्करी से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।
परमजीत सिंह के राजनीतिक संबंधों को लेकर भी चर्चा है। बताया जा रहा है कि वह पहले कांग्रेस से जुड़ा हुआ था, बाद में आम आदमी पार्टी में शामिल हो गया था। इसके बाद उसने पंचायत चुनाव लड़ा और करीब 250 वोटों से सरपंच का चुनाव जीत गया।
नशा विरोधी कमेटी का भी प्रधान है आरोपी
चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी सरपंच गांव में नशे के खिलाफ बनाई गई विलेज डिफेंस कमेटी का प्रधान भी है। इसके अलावा उसकी इंटरलाकिंग टाइलें बनाने की एक फैक्ट्री भी बताई जा रही है।
जिला पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र लांबा ने बताया कि यदि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने अपने स्तर पर कोई बरामदगी की है तो इस बारे में स्थानीय पुलिस को फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। जानकारी मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीमा पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम, पाकिस्तानी घुसपैठिया ढेर
इसी बीच तरनतारन में सीमा पर घुसपैठ की एक कोशिश को भी सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया। सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने मंगलवार तड़के भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश कर रहे एक पाकिस्तानी घुसपैठिये को मार गिराया।
बताया गया है कि खेमकरण क्षेत्र में तैनात सीमा सुरक्षा बल की 142वीं बटालियन के जवानों ने सीमा पार से संदिग्ध गतिविधि महसूस की। नाइट विजन कैमरों की मदद से निगरानी करने पर एक संदिग्ध युवक को पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा में दाखिल होते देखा गया।
जवानों ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन वह कंटीली तार पार कर आगे बढ़ता रहा। इसके बाद सुरक्षा बलों ने कार्रवाई करते हुए उसे गोली मार दी। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।