बांग्लादेश में नई सरकार गठन के बाद दूसरा बड़ा फेरबदल, आर्मी हेडक्वार्टर में बढ़ी हलचल

0 16

ढाका : बांग्लादेश में नई सरकार गठन के बाद से ही बैक टू बैक बड़े फैसले लिए जा रहे हैं। यूं कहें तो बांग्लादेश इस वक्त बदलाव के दौर से गुजर रहा है। इस बीच बांग्लादेश सेना में उच्च कमान के प्रमुख पदों पर बड़े बदलाव किए गए हैं। नई सरकार के सत्ता संभालने के बाद एक सप्ताह के अंदर यह दूसरा ऐसा बड़ा फेरबदल है। एक रिपोर्ट के अनुसार, नेशनल डिफेंस कॉलेज (एनडीसी) के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद शाहीनुल हक को क्वार्टरमास्टर जनरल (QMG) के पद पर स्थानांतरित कर दिया गया है। एनडीसी में उनकी जगह लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद फैजुर रहमान ने ली है, जो पहले क्यूएमजी के पद पर थे।

रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि 19वीं इन्फैंट्री डिवीजन के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (GOC) और घटाईल एरिया कमांडर मेजर जनरल हुसैन अल मोर्शेद को सेना मुख्यालय में नया एडजुटेंट जनरल नियुक्त किया गया है। वहीं, मौजूदा एडजुटेंट जनरल मेजर जनरल मोहम्मद हकीमुज्जमान को मिलिट्री इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (MIST) का नया कमांडेंट बनाया गया है। एमआईएसटी के पूर्व कमांडेंट मेजर जनरल मोहम्मद नसीम परवेज को विदेश मंत्रालय में स्थानांतरित कर दिया गया है। सेना के अन्य पुनर्गठन के तहत, 66 इन्फैंट्री डिवीजन के जीओसी और रंगपुर एरिया कमांडर मेजर जनरल मोहम्मद कामरुल हसन को ढाका छावनी में लॉजिस्टिक्स एरिया के जीओसी और एरिया कमांडर बनाया गया है। ढाका छावनी में लॉजिस्टिक्स एरिया के पूर्व प्रमुख मेजर जनरल मुहम्मद मोस्टागौसुर रहमान खान नियमित शर्तों पर सेवानिवृत्त हो गए हैं।

इससे पहले 22 फरवरी को लेफ्टिनेंट जनरल मैनुर रहमान को बांग्लादेश सेना का चीफ ऑफ जनरल स्टाफ (CGS) नियुक्त किया गया था। इससे पहले वे आर्मी ट्रेनिंग एंड डॉक्ट्रिन कमांड के जीओसी थे। इसके अलावा, सेना में कई अन्य उच्च पदों पर बदलाव किए गए हैं। ये आदेश रविवार दोपहर सेना मुख्यालय से जारी किए गए। सशस्त्र बल डिवीजन के मौजूदा प्रिंसिपल स्टाफ ऑफिसर (PSO) लेफ्टिनेंट जनरल एसएम कामरुल हसन को विदेश मंत्रालय में राजदूत के रूप में भेज दिया गया है। मेजर जनरल मीर मुशफिकुर रहमान को नया प्रिंसिपल स्टाफ ऑफिसर नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे 24वीं इन्फैंट्री डिवीजन के जीओसी थे।

मेजर जनरल जेएम इमदादुल इस्लाम को 55वीं इन्फैंट्री डिवीजन से ईस्ट बंगाल रेजिमेंटल सेंटर में स्थानांतरित किया गया है। ईस्ट बंगाल रेजिमेंटल सेंटर के कमांडेंट मेजर जनरल फरदौस हसन को 24 इन्फैंट्री डिवीजन का जीओसी बनाया गया है। दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग में तैनात ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद हाफिजुर रहमान को मेजर जनरल के पद पर पदोन्नत किया गया है और उन्हें 55वीं इन्फैंट्री डिवीजन का जीओसी नियुक्त किया गया है। ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद कैसर राशिद चौधरी को डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ फोर्सेस इंटेलिजेंस (डीजीएफआई) का नया महानिदेशक नियुक्त किया गया है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.