मुजफ्फरनगर में सनसनीखेज वारदात: प्रेम प्रसंग के चलते युवक की हत्या, धारदार हथियार से हमला कर मारी गोली

0 30

मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक युवक की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। शाहदरा बांगर गांव में 27 वर्षीय अक्षय को पहले धारदार हथियार से हमला कर घायल किया गया और फिर भागते समय गोली मार दी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

खेत से लौटते वक्त घेरकर किया हमला
जानकारी के अनुसार अक्षय सोमवार रात अपने खेत से घर लौट रहा था, तभी गांव के ही मनोज कुमार, उसके पुत्र युवांक और भतीजे वरध ने उसे घेर लिया। आरोप है कि तीनों ने मिलकर उस पर ताबड़तोड़ धारदार हथियार से हमला किया। जब अक्षय जान बचाकर भागने लगा, तो आरोपियों ने उसे गोली मार दी।

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का गांव की एक विवाहित महिला से प्रेम संबंध था। कुछ महीने पहले महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद से उसके परिजन अक्षय से रंजिश रखने लगे थे। इसी रंजिश के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच तेज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं।

परिजनों ने लगाई न्याय की गुहार
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि हत्या सुनियोजित तरीके से की गई है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दिलाने की मांग की है।

जल्द गिरफ्तारी का भरोसा
एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.