सतना में सनसनीखेज वारदात: पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, जंगल में पेड़ से लटकाया शव

0 18

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के सतना जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को जंगल में पेड़ से लटका दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है और कोर्ट में पेश करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है।

जंगल में पेड़ से लटका मिला था शव

मझगवां थाना पुलिस के अनुसार पांच मार्च को मोटवा जंगल में एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ मिला था। मृतक की पहचान राजाभैया के रूप में हुई। मामले की जांच के दौरान पुलिस को घटना में संदिग्ध परिस्थितियां नजर आईं, जिसके बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया।

दो मार्च को मजदूरी पर गया था, फिर नहीं लौटा

स्वजन के मुताबिक राजाभैया दो मार्च को अपनी पत्नी और एक अन्य व्यक्ति के साथ मजदूरी करने गया था, लेकिन उसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। इस बीच पत्नी और आरोपित युवक के बीच प्रेम संबंध होने की जानकारी भी सामने आई। बताया गया कि राजाभैया इस संबंध का विरोध करता था, जिससे दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

शराब पिलाकर की हत्या, फिर आत्महत्या दिखाने की कोशिश

पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्होंने पहले राजाभैया को शराब पिलाई। इसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों ने मिलकर घटना को आत्महत्या दिखाने की साजिश रची और शव को जंगल में महुआ के पेड़ से फंदे पर लटका दिया।

पुलिस ने दोनों आरोपितों को किया गिरफ्तार

जांच के दौरान जुटाए गए सबूतों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.