मेरठ मर्डर केस में सनसनीखेज खुलासा: ‘अर्चिता अरोड़ा’ नहीं, तुर्कमेनिस्तान की ‘मुहब्बत’ होने की आशंका; होटल संचालक समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

0 20

मेरठ के मवाना थाना क्षेत्र में मिले एक युवती के शव के मामले में जांच लगातार नए मोड़ ले रही है। शुरुआत में जिस महिला की पहचान दिल्ली निवासी अर्चिता अरोड़ा के रूप में बताई जा रही थी, अब जांच में उसके तुर्कमेनिस्तान की नागरिक ‘मुहब्बत’ होने की आशंका सामने आई है। इस नए इनपुट के बाद मेरठ पुलिस ने पूरे मामले की जांच एक बार फिर से नए सिरे से शुरू कर दी है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी तथ्यों की पुष्टि की कोशिश की जा रही है।

क्या है पूरा मामला?

21 फरवरी की रात मेरठ-बिजनौर नेशनल हाईवे के किनारे सरसों के खेत में एक युवती का शव बरामद हुआ था। शव कई दिन पुराना और बुरी तरह सड़ा हुआ था। महिला की पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे को तेजाब से बुरी तरह जला दिया गया था, जिससे उसकी पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया था। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

चेहरा जला होने के कारण शव की पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया। इसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में यह पता लगाने की कोशिश की कि कहीं कोई महिला लापता तो नहीं है। जांच के दौरान पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान एक कैमरे में सफेद रंग की क्रेटा कार संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दी। जब पुलिस ने कार की जानकारी जुटाई तो वह एक होटल संचालक चंचल उर्फ बंटी की निकली।

होटल के कमरे में गला घोंटकर की गई हत्या

पुलिस ने चंचल उर्फ बंटी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि 17 और 18 फरवरी की रात परतापुर थाना क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में युवती की गला घोंटकर हत्या की गई थी। हत्या के बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए युवती के चेहरे पर टॉयलेट क्लीनर और तेजाब डाल दिया, ताकि उसकी पहचान न हो सके।

वारदात के बाद मिटाए गए सबूत

पूछताछ में यह भी सामने आया कि हत्या के बाद आरोपियों ने शव को क्रेटा कार में रखकर मवाना-बिजनौर रोड के किनारे खेत में फेंक दिया था। वारदात को छिपाने के लिए होटल के सीसीटीवी फुटेज भी डिलीट कर दिए गए थे। पुलिस ने मुख्य आरोपी बंटी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हत्या में इस्तेमाल कार, कम्बल और तेजाब की बोतल भी बरामद कर ली गई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पैसों के लेन-देन और ब्लैकमेलिंग को हत्या की वजह बताया है।

जांच में आया नया मोड़

मामले में नया मोड़ तब आया जब जांच के दौरान मृतका के विदेशी कनेक्शन की जानकारी सामने आई। पुलिस को संकेत मिले कि ‘अर्चिता अरोड़ा’ नाम संभवतः फर्जी हो सकता है और महिला का असली नाम ‘मुहब्बत’ है, जो तुर्कमेनिस्तान की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि वह कई वर्षों से दिल्ली में रह रही थी।

मृतका की मां ने दूतावास से लगाई गुहार

जानकारी के अनुसार, मृतका की मां नाहमदिनोवा गुलनार ने भारत में अपनी एक परिचित की मदद से तुर्कमेनिस्तान दूतावास को पत्र लिखकर मामले की जानकारी दी है। आरोप है कि मुहब्बत का पासपोर्ट दलालों के पास था और आधार कार्ड पर ‘अर्चिता’ नाम दर्ज कराया गया था, जबकि उस पर लगी तस्वीर विदेशी महिला की ही थी। कुछ इनपुट में यह आशंका भी जताई जा रही है कि महिला किसी अंतरराष्ट्रीय गिरोह या अवैध गतिविधियों से जुड़ी हो सकती है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस

मेरठ पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए विदेश मंत्रालय के माध्यम से संबंधित दूतावास से संपर्क साधा है। पुलिस अब महिला की असली पहचान और उसके भारत में रहने से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। फिलहाल यह मामला मृतका की पहचान को लेकर और अधिक पेचीदा होता जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.