देहरादून में शर्मनाक मामला, रिटायर विंग कमांडर ने बुजुर्ग मां-बाप को घर से निकाला, सामान सड़क पर फिंकवाया

0 35

देहरादून की डिफेंस कॉलोनी से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सेवानिवृत्त विंग कमांडर ने पारिवारिक विवाद के चलते अपने ही बुजुर्ग माता-पिता को घर से बाहर निकाल दिया। इतना ही नहीं, कुछ श्रमिकों को बुलाकर उनका घरेलू सामान भी बाहर फिंकवा दिया। घटना के बाद कॉलोनी में भारी हंगामा मच गया।

डिफेंस कॉलोनी में मचा हड़कंप, लोग हुए आक्रोशित

यह घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। डिफेंस कॉलोनी में सेना के सेवारत और सेवानिवृत्त अधिकारी रहते हैं। बुजुर्ग दंपती को घर से निकाले जाने की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और मामले की जानकारी तुरंत एसएसपी और जिलाधिकारी को दी गई।

माता-पिता ने अपनी कमाई से बनवाया था मकान

चौकी प्रभारी डिफेंस कॉलोनी कमलेश गौड़ के अनुसार, बुजुर्ग माता-पिता ने अपनी पूरी जिंदगी की कमाई से इस मकान का निर्माण कराया था। हालांकि मकान रिटायर विंग कमांडर के नाम पर दर्ज है, जिसको लेकर पिछले कुछ समय से परिवार में विवाद चल रहा था। शनिवार को विवाद ने उग्र रूप ले लिया।

श्रमिक बुलाकर घर से बाहर निकाला, सामान भी फेंका

पुलिस के मुताबिक रिटायर विंग कमांडर कुछ श्रमिकों को साथ लेकर घर पहुंचा और अपने वृद्ध मां-बाप को जबरन बाहर निकाल दिया। इसके बाद उनका कुछ सामान भी बाहर फेंक दिया गया। बुजुर्गों की हालत देख आसपास के लोग भावुक हो गए और विरोध शुरू हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा

हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। नायब तहसीलदार भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। मानवीय पहलू को देखते हुए सबसे पहले वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित रूप से घर के अंदर दाखिल कराया गया।

शांति भंग में चालान, बुजुर्गों को दिलाई गई राहत

पुलिस ने रिटायर विंग कमांडर के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई करते हुए चालान किया। प्रशासन की दखल के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। फिलहाल बुजुर्ग माता-पिता को घर में रहने की अनुमति दिला दी गई है और पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.