Share Market Today: लाल निशान में बाजार की ओपनिंग, सेंसेक्स 487 अंक फिसला, IT स्टॉक्स में भारी बिकवाली
Share Market Today, 4 February 2026: मंगलवार की रिकॉर्ड तेजी के बाद बुधवार को घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन निवेशकों ने मुनाफावसूली का रुख अपनाया, जिससे बाजार खुलते ही दबाव में नजर आया। बीएसई सेंसेक्स 487.07 अंकों यानी 0.58 फीसदी की गिरावट के साथ 83,252.06 के स्तर पर खुला, जबकि एनएसई निफ्टी 50 इंडेक्स 52.50 अंकों के नुकसान के साथ 25,675.05 पर कारोबार की शुरुआत करता दिखा।
मंगलवार की बंपर तेजी के बाद बदला बाजार का मूड
गौरतलब है कि एक दिन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत के साथ व्यापार समझौते की घोषणा के बाद बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली थी। मंगलवार को सेंसेक्स 3,656.74 अंकों की उछाल के साथ 85,323.20 पर और निफ्टी 1,219.65 अंकों की तेजी के साथ 26,308.05 पर खुला था। हालांकि आज बाजार की शुरुआत में उस तेजी का असर कमजोर पड़ता नजर आया।
आईटी शेयरों में भारी गिरावट से बाजार पर दबाव
बुधवार के शुरुआती कारोबार में आईटी सेक्टर के शेयरों में जोरदार बिकवाली देखने को मिली। टेक महिंद्रा के शेयर सबसे ज्यादा दबाव में रहे और 6.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ खुले। इसके अलावा एचसीएल टेक, इंफोसिस और टीसीएस जैसे दिग्गज आईटी स्टॉक्स में भी तेज गिरावट दर्ज की गई, जिससे बाजार की ओपनिंग कमजोर रही।
सेंसेक्स और निफ्टी में शेयरों का हाल
सेंसेक्स की 30 में से 18 कंपनियों के शेयर हरे निशान में खुले, जबकि 12 शेयरों ने लाल निशान में कारोबार की शुरुआत की। वहीं निफ्टी 50 की बात करें तो 26 शेयरों में तेजी और 24 शेयरों में गिरावट देखने को मिली।
पावरग्रिड टॉप गेनर, टेक महिंद्रा सबसे बड़ा लूजर
सेंसेक्स शेयरों में पावरग्रिड सबसे ज्यादा 1.22 प्रतिशत की तेजी के साथ खुला। इसके अलावा एनटीपीसी 1.13 प्रतिशत, टाटा स्टील 1.01 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 0.93 प्रतिशत, आईटीसी 0.89 प्रतिशत, टाइटन 0.80 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 0.71 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 0.67 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज 0.62 प्रतिशत और एलएंडटी 0.61 प्रतिशत की बढ़त के साथ खुले।
आईटी और फाइनेंशियल शेयरों में बिकवाली
दूसरी ओर गिरावट वाले शेयरों में टेक महिंद्रा के अलावा एचसीएल टेक 6.07 प्रतिशत, इंफोसिस 5.98 प्रतिशत और टीसीएस 5.20 प्रतिशत टूटकर खुले। वहीं बजाज फाइनेंस 2.11 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 0.51 प्रतिशत, इंडिगो 0.36 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट्स 0.29 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा बैंक 0.19 प्रतिशत और एसबीआई 0.12 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार की शुरुआत करते दिखे।