टी20 वर्ल्ड कप में भारत को झटका, अमेरिका के खिलाफ जसप्रीत बुमराह नहीं उतरेंगे मैदान पर, 13 खिलाड़ियों में से चुननी होगी प्लेइंग-11

0 82

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम को अमेरिका के खिलाफ होने वाले टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम इंडिया के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह बुखार के कारण इस मैच में हिस्सा नहीं लेंगे। भारत और अमेरिका के बीच यह मुकाबला शनिवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है।

टीम मैनेजमेंट नहीं लेना चाहता जोखिम

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय टीम प्रबंधन बुमराह की फिटनेस को लेकर किसी तरह की जल्दबाजी नहीं करना चाहता। इसी वजह से उन्हें पूरी तरह स्वस्थ होने तक आराम देने का फैसला लिया गया है। ऐसे में भारत को अमेरिका के खिलाफ उपलब्ध 13 खिलाड़ियों में से ही प्लेइंग-11 का चयन करना होगा।

वॉशिंगटन सुंदर भी टीम से बाहर

भारतीय टीम के लिए मुश्किलें यहीं खत्म नहीं होतीं। जसप्रीत बुमराह के अलावा ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर भी इस मुकाबले के लिए उपलब्ध नहीं हैं। सुंदर इस समय बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में फिटनेस क्लीयरेंस का इंतजार कर रहे हैं और अभी तक टीम से नहीं जुड़ पाए हैं।

हर्षित राणा बाहर, मोहम्मद सिराज की एंट्री

टी20 वर्ल्ड कप के दौरान भारत को एक और झटका तब लगा जब तेज गेंदबाज हर्षित राणा टूर्नामेंट से बाहर हो गए। उन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच के दौरान घुटने में चोट लगी थी। इसके बाद बीसीसीआई ने आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उनकी जगह मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल करने की जानकारी दी।

बीसीसीआई ने क्या कहा

बीसीसीआई की ओर से जारी बयान में कहा गया, “विशेषज्ञों की सलाह और स्कैन रिपोर्ट के आधार पर मेडिकल टीम ने हर्षित राणा को टूर्नामेंट के लिए अनफिट पाया है। बोर्ड उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है। मोहम्मद सिराज को उनके विकल्प के तौर पर भारतीय टीम में शामिल किया गया है।”

अमेरिका के खिलाफ ईशान-अभिषेक करेंगे ओपनिंग

अमेरिका के खिलाफ भारत की पारी की शुरुआत ईशान किशन और अभिषेक शर्मा करते नजर आएंगे। संजू सैमसन खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं, जबकि टीम में वापसी करने वाले ईशान किशन ने अपने प्रदर्शन से मजबूत दावा पेश किया है। किशन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए अभ्यास मैच में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 53 रन बनाए थे, जिससे उनकी प्लेइंग-11 में जगह लगभग पक्की मानी जा रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.