गाजियाबाद में चौंकाने वाला खुलासा: पत्नी पर गोली चलवाने की साजिश खुद पति ने रची, पांच आरोपी गिरफ्तार

0 38

गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में 26 जनवरी को महिला को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि इस वारदात के पीछे किसी बाहरी दुश्मन का नहीं, बल्कि महिला के पति का ही हाथ था। पत्नी के कथित अवैध संबंधों के शक में पति ने भाड़े के शूटरों के जरिए इस हमले को अंजाम दिलवाया।

पुलिस शिकायत से शुरू हुई जांच, कहानी ने लिया बड़ा मोड़
डीसीपी देहात सुरेंद्रनाथ तिवारी के अनुसार, लालबाग निवासी हरीशंकर ने 26 जनवरी को पुलिस को सूचना दी थी कि उनकी पत्नी बाजार गई थीं, जहां अज्ञात बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। शुरुआती शिकायत में हरीशंकर ने पड़ोसियों पर संदेह जताया था।

पुलिस जांच में पति ही निकला मास्टरमाइंड
मामले की गहन जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को शक हुआ कि कहानी में कई कड़ियां मेल नहीं खा रही हैं। पूछताछ सख्त हुई तो चौंकाने वाला सच सामने आया। पुलिस के मुताबिक, हरीशंकर ने ही 50 हजार रुपये की सुपारी देकर अपनी पत्नी पर हमला करवाया था। वजह पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक बताया जा रहा है।

भाड़े के शूटरों का नेटवर्क उजागर
पुलिस ने इस मामले में पति हरीशंकर समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बागपत के चांदीनगर निवासी विनीत राजपूत, इंदिरापुरी निवासी विभोर शर्मा, लोनी निवासी राज बैंसला और बंथला निवासी अर्जुन शामिल हैं।

20 आपराधिक मामलों वाला आरोपी और हथियार बरामद
डीसीपी देहात ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विभोर शर्मा के खिलाफ पहले से करीब 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल भी बरामद की है, जिसका इस्तेमाल वारदात में किया गया था। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.