गर्मी का मौसम बढ़ते ही सुबह की सैर करने वाले लोगों के मन में यह सवाल अक्सर उठता है कि क्या खाली पेट वॉक करना सही है या इससे सेहत को नुकसान हो सकता है। भले ही सुबह के समय तापमान अपेक्षाकृत कम रहता है, लेकिन बिना कुछ खाए टहलने की आदत कुछ लोगों के लिए जोखिमभरी साबित हो सकती है। इस विषय पर एक्सपर्ट्स ने स्पष्ट राय दी है।
क्या खाली पेट वॉक करना सुरक्षित है?
दिल्ली के जीटीबी अस्पताल के मेडिसिन विभाग के डॉक्टर अजीत कुमार के अनुसार, यदि व्यक्ति पूरी तरह स्वस्थ है और उसे हाल ही में डिहाइड्रेशन या कमजोरी जैसी कोई समस्या नहीं हुई है, तो वह खाली पेट सुबह की वॉक कर सकता है। हालांकि, यह सभी के लिए समान रूप से सुरक्षित नहीं है और कुछ लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है।
किन लोगों को खाली पेट वॉक से बचना चाहिए?
डॉक्टरों के मुताबिक डायबिटीज के मरीजों को खाली पेट वॉक करने से बचना चाहिए। ऐसे लोगों में ब्लड शुगर लेवल अचानक गिरने का खतरा रहता है, जिससे चक्कर आना, कमजोरी और बेहोशी जैसी स्थिति बन सकती है। इस स्थिति से बचने के लिए हल्का और प्रोटीन युक्त नाश्ता, जैसे भीगे हुए चने, लेने की सलाह दी जाती है।
हालांकि, इस दौरान यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि ज्यादा भारी भोजन न किया जाए और वॉक से पहले चाय या कॉफी का सेवन भी न करें, क्योंकि ये शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकते हैं।
गर्मी में क्यों बढ़ जाता है खतरा?
गर्मियों में पसीने के जरिए शरीर से काफी मात्रा में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स निकल जाते हैं। ऐसे में अगर व्यक्ति खाली पेट और बिना पर्याप्त पानी के वॉक करता है, तो उसे कमजोरी, सिरदर्द और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। हीटवेव के दिनों में यह खतरा और अधिक बढ़ जाता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि वॉक पर जाने से पहले हल्का भोजन और पर्याप्त पानी का सेवन जरूरी है। साथ ही अगर पसीना ज्यादा आ रहा हो, तो तेज वॉक की बजाय हल्की गति से चलना बेहतर होता है।
कब करें सुबह की सैर?
डॉक्टर अजीत कुमार के अनुसार गर्मियों में सुबह 5 से 6 बजे के बीच वॉक करना सबसे सुरक्षित और बेहतर समय माना जाता है। इस समय धूप तेज नहीं होती और मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहता है। इसके बाद जैसे-जैसे सूरज निकलता है, गर्मी बढ़ती जाती है, इसलिए कोशिश करनी चाहिए कि वॉक सूरज निकलने से पहले ही पूरी हो जाए।
खाली पेट वॉक सभी के लिए पूरी तरह हानिकारक नहीं है, लेकिन डायबिटीज और कमजोरी से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। सही समय, हल्का नाश्ता और पर्याप्त पानी गर्मियों में सुरक्षित वॉक के लिए बेहद जरूरी हैं।