CBI छापे पर बोले सिसोदिया, अच्छा काम करने वालों को किया जा रहा परेशान

0 531

नई दिल्ली । दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शुक्रवार को अपने घर पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की छापेमारी को ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया और कहा, ‘देश के लिए अच्छा काम करने वालों को परेशान किया जा रहा है।’ सिसोदिया ने सीबीआई के अधिकारियों का स्वागत किया और कहा कि वो हर कदम पर जांच एजेंसी के साथ सहयोग करेंगे ताकि सच्चाई जल्द ही सामने आ सके।

उन्होंने कहा, मेरे खिलाफ कई मामले दर्ज किए गए हैं और आज तक कुछ भी साबित नहीं हुआ है। इस मामले में भी कुछ नहीं आएगा। अच्छी शिक्षा का मेरा काम नहीं रोका जा सकता। सिसोदिया ने कहा, वे दिल्ली में शिक्षा और स्वास्थ्य के अद्भुत कार्यों से निराश हैं। इसलिए वह दिल्ली के स्वास्थ्य और शिक्षा मंत्रियों के खिलाफ साजिश रच रहे है, ताकि अच्छे कामों को रोका जा सके। हम दोनों पर झूठे आरोप लगाए गए हैं। सच्चाई सामने आएगी।

सीबीआई दिल्ली आबकारी नीति में कथित अनियमितताओं के मामले में राष्ट्रीय राजधानी और छह अन्य राज्यों में 21 स्थानों पर छापेमारी कर रही है। छापेमारी पर प्रतिक्रिया देते हुए, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी ट्विटर पर कहा कि कुछ भी नहीं निकलेगा। सीएम केजरीवाल ने कहा, जिस दिन अमेरिका के सबसे बड़े अखबार एनवाईटी (न्यूयॉर्क टाइम्स) के फ्रंट पेज पर दिल्ली शिक्षा मॉडल की तारीफ और मनीष सिसोदिया की तस्वीर छपी, उसी दिन मनीष के घर केंद्र ने सीबीआई भेजी। सीबीआई का स्वागत है। पूरा सहयोग करेंगे। पहले भी कई जांच और रेड हुईं लेकिन कुछ नहीं निकला। अब भी कुछ नहीं निकलेगा।

सीबीआई पहले ही सिसोदिया और अन्य के खिलाफ शराब नीति में कथित अनियमितताओं के संबंध में एफआईआर दर्ज कर चुकी है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.