WPL : बतौर कप्तान दो खिताब जीतने वाली खिलाड़ी बनीं स्मृति मंधाना

0 23

वडोदरा : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की दिल्ली कैपिटल्स (DC) पर छह विकेट से जीत के साथ महिला प्रीमियर लीग के चौथे संस्करण का समापन हो गया। गुरुवार को वडोदरा के कोतांबी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में चार विकेट पर 203 रन बनाए। जवाब में आरसीबी ने 19.4 ओवर में चार विकेट खोकर 204 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

आरसीबी ने दूसरी बार महिला प्रीमियर लीग का खिताब जीता है। इससे पहले टीम 2024 में दिल्ली के ही खिलाफ फाइनल मैच जीतकर चैंपियन बनी थी। इसी के साथ स्मृति मंधाना बतौर कप्तान दो डब्ल्यूपीएल खिताब जीतने वाली खिलाड़ी बन गईं। इस मामले में उन्होंने मुंबई की कप्तान हरमनप्रीत कौर की बराबरी कर ली, जिन्होंने 2023 औरर 2025 में खिताब जीता था।

खिताबी मुकाबले में 204 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत झटके के साथ हुई। चिनेल हेनरी ने नौ के स्कोर पर ग्रेस हैरिस को बोल्ड किया। वह सिर्फ नौ रन बना पाईं। इसके बाद मोर्चा स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वॉल ने संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 92 गेंदों में 165 रनों की साझेदारी हुई और यही आरसीबी की जीत की सूत्रधार बनी।

मंधाना और जॉर्जिया के बीच हुई यह साझेदारी किसी भी विकेट के लिए डब्ल्यूपीएल इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले मेग लैनिंग और शेफाली वर्मा के बीच 2023 में आरसीबी के खिलाफ 162 रनों की पार्टनरशिप हुई थी। इस दौरान जॉर्जिया ने 37 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और वह 54 गेंदों में 14 चौके की मदद से 79 रन बनाकर पवेलियन लौटीं।
मंधाना ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

वहीं, मंधाना ने 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 41 गेंदों में 12 चौके और तीन छक्के की मदद से 87 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। इस दौरान मंधाना ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दीं। वह डब्ल्यूपीएल इतिहास की पांचवीं बल्लेबाज बन गईं जिसने 1000 रन से ज्यादा रन पूरे किए। इसी के साथ वह नेट शीवर ब्रंट (1348), मेग लैनिंग (1200), हरमनप्रीत कौर (1193) और शेफाली वर्मा (1124) के क्लब में शामिल हो गईं। मंधाना डब्ल्यूपीएल फाइनल में सर्वाधिक रनों की पारी खेलने वाली बल्लेबाज भी बन गईं। इस मामले में उन्होंने जॉर्जिया वॉल को पीछे छोड़ा।

जीत की तरफ तेजी से बढ़ रही आरसीबी को 191 रन के स्कोर पर चौथा झटका लगा और चिनेल हेनरी का शिकार मंधाना बन गईं। लेकिन आरसीबी के बल्लेबाजों ने हार नहीं मानी और नादिन डी क्लार्क तथा राधा यादव ने क्रमश: सात और 12 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।

इससे पहले, दिल्ली कैपिटल्स ने फाइनल में 203 का स्कोर बनाकर इतिहास रचा। टीम ने जेमिमा रोड्रिग्स की तूफानी 57 रनों की पारी की मदद से 20 ओवर में चार विकेट पर 203 रन बनाए। यह डब्ल्यूपीएल इतिहास के किसी प्लेऑफ मुकाबले में बनाया गया दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले मुंबई ने पिछले साल गुजरात के खिलाफ एलिमिनेटर मैच में 213/4 रन बनाए थे।

इस मुकाबले में दिल्ली की शुरुआत धीमी हुई। शुरुआती तीन ओवर के बाद टीम सिर्फ नौ रन बना पाई थी। चौथे ओवर में लिजेल ली ने गेयर बदला और सायली सतघरे को निशाना बनाते हुए पारी के चौथे ओवर में 20 रन झटके। पहले विकेट के लिए ली और शेफाली के बीच 49 रन की साझेदारी हुई। अरुंधति रेड्डी ने छठे ओवर की पांचवीं गेंद पर शेफाली को निशाना बनाया और वह 20 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। इसके बाद लिजेल ली भी 37 रन बनाकर आउट हो गईं।

तीसरे विकेट के लिए एल. वोलवार्ड्ट और कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स के बीच 51 गेंदों में 76 रनों की साझेदारी हुई। इस दौरान जेमिमा ने 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह डब्ल्यूपीएल के प्लेऑफ मैचों का दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है। इससे पहले नेट शीवर ब्रंट ने 29 गेंदों में गुजरात जाएंट्स के खिलाफ अर्धशतक जड़ा था। वहीं, जेमिमा महिला प्रीमियर लीग के फाइनल में अर्धशतकीय पारी खेलने वाली तीसरी बल्लेबाज बन गईं। इस मामले में उन्होंने हरमनप्रीत कौर और नेट शीवर ब्रंट की बराबरी कर ली। मुंबई की कप्तान हरमनप्रीत ने पिछले साल दिल्ली के खिलाफ खिताबी मैच में 66 रनों की पारी खेली थी। उससे पहले नेट शीवर ब्रंट ने 2023 में दिल्ली के खिलाफ खिताबी मैच में नाबाद 60 रन बनाए थे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.