Somalia Plane Accident: मोगादिशु में इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान बड़ा हादसा, रनवे से फिसलकर समुद्र तट पर जा गिरा विमान
नई दिल्ली। सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में एक यात्री विमान तकनीकी खराबी के बाद आपातकालीन लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान रनवे से फिसलकर पास स्थित हिंद महासागर के समुद्र तट पर जा गिरा। विमान में करीब 50 लोग सवार थे। फिलहाल हताहतों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के बाद तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं।
उड़ान भरने के 15 मिनट बाद आई तकनीकी खराबी
सोमालिया के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के निदेशक अहमद मोअलिम ने बताया कि विमान ने मोगादिशु के अदन अब्दुल्ले अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी और वह उत्तरी शहर गाल्कासियो जा रहा था।
उड़ान भरने के लगभग 15 मिनट बाद विमान में तकनीकी खराबी आ गई। पायलट ने स्थिति को देखते हुए विमान को वापस मोगादिशु लाने का निर्णय लिया।
रनवे से भटका, समुद्र तट पर गिरा
अहमद मोअलिम के अनुसार, जब विमान को वापस उतारने की कोशिश की जा रही थी, उसी दौरान वह रनवे से भटक गया और फिसलते हुए पास के हिंद महासागर के तट पर जा गिरा।
हादसे के बाद एयरलाइन स्टारस्की एविएशन की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
जांच के आदेश, कारणों की पड़ताल शुरू
अधिकारियों ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। तकनीकी खराबी के सटीक कारण और लैंडिंग के दौरान क्या स्थिति बनी, इसे लेकर विस्तृत जांच की जा रही है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा और राहत कार्यों को पूरा करना है।