इजरायल-ईरान जंग के बीच दुबई में फंसीं सोनल चौहान, बोलीं- ‘मैं सुरक्षित हूं, हालात पूरी तरह कंट्रोल में’
मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच दुबई में फंसी बॉलीवुड अभिनेत्री सोनल चौहान ने मौजूदा हालात पर बड़ा अपडेट दिया है। अमेरिका और इजरायल द्वारा 28 फरवरी को ईरान पर मिसाइल हमले के बाद शुरू हुई जंग अब पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले चुकी है। ईरान की जवाबी कार्रवाई के बाद हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं। दुबई में एहतियातन कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जिससे बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक वहां फंसे हुए हैं।
इसी बीच सोनल चौहान ने सोशल मीडिया के जरिए अपने सुरक्षित होने की जानकारी साझा की है।
इंस्टाग्राम स्टोरी में फैंस को किया आश्वस्त
सोनल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं और स्थानीय प्रशासन लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
अभिनेत्री ने लिखा, “मुझे मैसेज करने और मेरा हालचाल पूछने वाले सभी लोगों को धन्यवाद। जवाब न दे पाने के लिए खेद है। आपकी चिंता मेरे लिए बहुत मायने रखती है। मैं सुरक्षित हूं। अधिकारी सभी की सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। घबराने की कोई बात नहीं है। दुबई दुनिया के सबसे सुरक्षित स्थानों में से एक है। डिफेंसकर्मी तैनात हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। कृपया दहशत या भ्रामक कंटेंट न फैलाएं।”
पहले पीएम मोदी से मांगी थी मदद
इससे पहले सोनल चौहान ने एक पोस्ट साझा कर बताया था कि मौजूदा संकट के कारण वह दुबई में फंस गई हैं और भारत लौटने का कोई स्पष्ट रास्ता नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद की गुहार लगाई थी। यह पोस्ट शनिवार को साझा किया गया था।
मिडिल ईस्ट में बढ़ता तनाव
अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की पुष्टि के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। हमले लगातार दूसरे दिन भी जारी हैं। रविवार को ईरानी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) का मुख्यालय भी निशाने पर रहा।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि इन हमलों में 48 ईरानी नेताओं की मौत हुई है और अमेरिका ने ईरान के 9 जहाज डुबो दिए हैं।
मौजूदा हालात में जहां एक ओर वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ी हुई है, वहीं दुबई में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी को लेकर भी निगाहें सरकार पर टिकी हैं।