15 जनवरी को कांग्रेस के नए मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ का सोनिया गांधी करेंगी उद्घाटन

0 281

नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी आगामी 15 जनवरी को पार्टी के नए मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ का उद्घाटन करेंगी। कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया, “15 जनवरी, 2025 को सुबह 10 बजे, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की उपस्थिति में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी नए एआईसीसी मुख्यालय इंदिरा गांधी भवन का उद्घाटन करेंगी। इसका निर्माण कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान शुरू किया गया था।”

उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा, “इस अवसर पर कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य, स्थायी और विशेष आमंत्रित सदस्य, कांग्रेस संसदीय दल के पदाधिकारी, एआईसीसी पदाधिकारी, केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख, सीएलपी नेता, सांसद, साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री सहित वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे।

वेणुगोपाल के अनुसार, “9ए, कोटला रोड, नई दिल्ली में स्थित इंदिरा गांधी भवन को पार्टी और उसके नेताओं की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए डिजाइन किया गया है, जिसमें प्रशासनिक, संगठनात्मक और रणनीतिक गतिविधियों का समर्थन करने के लिए आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं। यह प्रतिष्ठित इमारत कांग्रेस पार्टी के असाधारण अतीत को याद को करते हुए उसकी दूरदर्शि‍ता को दर्शाती है, जिसने भारत के राजनीतिक और सामाजिक ताने-बाने को आकार दिया है।”

कांग्रेस पार्टी का नया मुख्यालय पिछले कई वर्षों से बन रहा था और अब इसकी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। सूत्रों ने कहा कि शुरुआत में प्रशासन, लेखा और कुछ अन्य कार्यालय नए भवन में स्थानांतरित होंगे। महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई तथा पार्टी के विभिन्न विभागों और प्रकोष्ठों के कार्यालय भी नए परिसर में स्थानांतरित होने की संभावना है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.