गौतमबुद्धनगर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विशेष कार्यक्रम, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को मिला सम्मान
गौतमबुद्धनगर: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च 2026 को विकास भवन सभागार में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने की, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर प्रदेश स्तर पर आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी विकास भवन सभागार में दिखाया गया, जिसे वहां मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और महिलाओं ने देखा।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को भी उनके सराहनीय कार्यों के लिए प्रशस्ति देकर सम्मान प्रदान किया गया।

महिलाएं हर क्षेत्र में निभा रही महत्वपूर्ण भूमिका
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं और देश व समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ महिलाओं तक पहुंचाया जा रहा है।

महिलाओं को समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए किया प्रेरित
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी गईं और उन्हें समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी आशीष कुमार, प्रोबेशन विभाग के अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।