राज्य महिला आयोग की सदस्य ने वृद्ध सेवा आश्रम का किया औचक निरीक्षण, अवैध संचालन पर होगी कार्रवाई
अवैध रूप से संचालित वृद्ध आश्रम पर महिला आयोग सख्त, पंजीकृत संस्थानों में स्थानांतरण की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।
गौतम बुद्ध नगर : उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्य डॉ मिनाक्षी भराला ने आज प्राप्त शिकायत के आधार पर आनंद निकेतन वृद्ध सेवा आश्रम सी-5, सेक्टर 55 नोएडा का औचक निरीक्षण किया। औचक निरीक्षण में पाया गया कि वृद्धजनों के साथ अमानवीय व्यवहार किया जाता है तथा समय पर स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर उनका उपचार नहीं किया जाता है और आश्रम में वृद्ध जनों के लिए मूलभूत सुविधा बिल्कुल सही नहीं थी, वृद्ध जनों द्वारा विरोध करने पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है और न ही किसी भी वृद्धि को पहने हेतु कपड़े दिए जाते हैं। वहां रहने वालों ने बताया कि 2.5 लाख रूपये डोनेशन तथा 20000 रूपये सिक्योरिटी एवं प्रत्येक माह 10 से 12 हजार रुपए वसूलते हैं।

राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्य ने बताया कि यह वृद्ध आश्रम को किसी भी प्रकार की शासन या प्रशासन द्वारा स्वीकृत नहीं दी गई है। यह वृद्ध आश्रम पूर्ण रूप से अवैध है। उन्होंने बताया कि आश्रम में कुल 42 वृद्धजन निवास करते पाए, जिनमें से 03 वृद्धजनों को 27 जून 2025 को समाज कल्याण द्वारा संचालित ओल्ड ऐज होम में शिफ्ट किया जाएगा बाकि वृद्धजनों को आगामी 5 दिनों में अन्य वृद्ध आश्रम, जिन्हें शासन द्वारा स्वीकृति मिली है उन वृद्ध आश्रमों में शिफ्ट किया जाएगा।


महिला आयोग की माननीय सदस्य ने कहा कि वृद्धजनों को शिफ्ट करने उपरांत इस अवैध वृद्ध आश्रम को प्रशासन के सहयोग से सील करा दिया जाएगा। औचक निरीक्षण के दौरान एसीपी मनीषा, जिला, महिला थाना अध्यक्ष संदीपा चौधरी, जिला समाज कल्याण विभाग, जिला प्रोबेशन विभाग के संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।