ग्रेटर नोएडा के यीडा क्षेत्र में बनेगा प्रदेश का पहला एआई हब, 3.5 लाख करोड़ निवेश का प्रस्ताव

0 104

ग्रेटर नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एआई सिटी विकसित करने की घोषणा अब धरातल पर उतरती दिख रही है। ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में प्रदेश का पहला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) हब विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। हैदराबाद की एएम ग्रीन कंपनी ने इसके लिए यीडा क्षेत्र में 200 से 250 एकड़ जमीन की मांग की है, जिसमें करीब 3.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है।

यीडा अधिकारियों के अनुसार, यह उत्तर प्रदेश का पहला एआई हब होगा। बुधवार को कंपनी के प्रतिनिधियों ने यीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के साथ बैठक के बाद प्रस्तावित सेक्टरों का भौतिक निरीक्षण भी किया।

दावोस से शुरू हुई पहल, यीडा में बढ़ी रफ्तार
एएम ग्रीन कंपनी ने दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना से मुलाकात कर एआई हब विकसित करने में रुचि दिखाई थी। इसके बाद बुधवार को कंपनी का प्रतिनिधिमंडल सीईओ नवजीत गिल के नेतृत्व में यीडा कार्यालय पहुंचा और एआई हब की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की।

एयरपोर्ट और कनेक्टिविटी बनी सबसे बड़ी ताकत
बैठक में यीडा अधिकारियों ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, सड़क कनेक्टिविटी, औद्योगिक पार्क, डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर यूनिट, मेडिकल डिवाइस पार्क सहित अन्य परियोजनाओं की जानकारी दी। साथ ही भूमि आवंटन की प्रक्रिया, दरें और पॉलिसी से भी अवगत कराया। अधिकारियों ने बताया कि एयरपोर्ट और बेहतर सड़क नेटवर्क के चलते यीडा क्षेत्र देश और दुनिया से सीधे जुड़ा है, जो निवेश के लिए बड़ा आकर्षण है।

डेटा सेंटर से लेकर स्टार्टअप्स तक होगा विकास
कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रस्तावित एआई हब में एआई डेटा सेंटर, रिसर्च लैब, स्टूडियो, स्टार्टअप्स और बड़ी एआई कंपनियों को स्थापित किया जाएगा। यहां एआई मॉड्यूल डेवलपमेंट, डेटा एनालिटिक्स, मशीन लर्निंग, रिसर्च एंड इनोवेशन और उद्योगों के लिए एआई आधारित तकनीकी समाधान विकसित किए जाएंगे।

रोजगार सृजन का बनेगा बड़ा केंद्र
एआई हब में 3.5 लाख करोड़ रुपये तक के निवेश की संभावना जताई गई है। कंपनी अधिकारियों का कहना है कि यह हब रोजगार सृजन का बड़ा केंद्र बनेगा, जहां बड़ी संख्या में लोगों को प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से रोजगार मिलेगा।

इन सेक्टरों का किया गया निरीक्षण
प्रतिनिधिमंडल ने सेक्टर-28 और सेक्टर-8 के आसपास एआई हब विकसित करने की संभावनाओं का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। यीडा सीईओ राकेश कुमार सिंह ने कहा कि यीडा क्षेत्र में एआई हब का विकास एक बड़ी उपलब्धि होगी और इससे क्षेत्र में औद्योगिक व तकनीकी विकास को नई दिशा मिलेगी। कंपनी की ओर से निवेश को लेकर सकारात्मक संकेत मिले हैं और जल्द ही आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.