लियोनार्डो तूफान की भीषण मार, कई शहर जलमग्न, 4000 लोगों का पलायन, एक की मौत; भारी बारिश का अलर्ट जारी

0 51

मैड्रिड/लिस्बन। लियोनार्डो तूफान ने स्पेन और पुर्तगाल में भारी तबाही मचाई है। कई शहर पूरी तरह पानी में डूब गए हैं, जबकि बाढ़ और भूस्खलन के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए दक्षिणी स्पेन के अंडालूसिया क्षेत्र में करीब 4,000 लोगों को अपने घर खाली करने पड़े हैं। कई इलाकों में अब भी भारी बारिश का अलर्ट जारी है।

दक्षिणी यूरोप में कहर, दर्जनों सड़कें बंद

गुरुवार को आए इस शक्तिशाली तूफान के चलते स्पेन और पुर्तगाल के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। उफनती नदियों और भूस्खलन के कारण दर्जनों सड़कें बंद करनी पड़ी हैं। आपात सेवाओं को लगातार राहत और बचाव कार्यों में लगाया गया है।

पुर्तगाल में एक की मौत, स्पेन में लड़की लापता

आइबेरियन प्रायद्वीप में तेज बारिश और तूफानी हवाओं के बीच पुर्तगाल में बाढ़ के पानी में फंसने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। वहीं स्पेन में एक उफनती नदी में बह जाने के बाद एक लड़की लापता है। स्पेन की मौसम एजेंसी ने दक्षिणी हिस्सों में पहले जारी हाई अलर्ट को फिलहाल हटा लिया है, हालांकि हालात पर नजर रखी जा रही है।

फिर दस्तक दे सकता है नया तूफान

मौसम एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि सप्ताह के अंत तक एक और शक्तिशाली तूफान इस क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इससे हालात और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।

बाढ़ में डूबी कार, हादसे में गई जान

स्थानीय मीडिया के अनुसार, बुधवार रात दक्षिणी पुर्तगाल में एक व्यक्ति की कार अचानक बाढ़ के पानी में फंस गई। पानी का स्तर तेजी से बढ़ने के कारण व्यक्ति कार से बाहर नहीं निकल सका और उसकी मौत हो गई।

दो मीटर तक पहुंचा जलस्तर, शहर डूबे

लिस्बन से करीब 90 किलोमीटर दूर दक्षिणी पुर्तगाल का शहर अल्कासेर डो साल साडो नदी के बढ़ते जलस्तर से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में शामिल है। शहर के केंद्रीय हिस्से पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं और कुछ क्षेत्रों में बाढ़ का पानी दो मीटर तक पहुंच गया है।

नदी में गिरी लड़की की तलाश जारी

दक्षिणी स्पेन के मलागा प्रांत में राहत दल उस लड़की की तलाश में जुटे हैं, जो बुधवार को अपने कुत्ते को बचाने की कोशिश के दौरान तुरविला नदी में गिर गई थी। तेज बहाव के कारण सर्च ऑपरेशन में दिक्कतें आ रही हैं।

भारी बारिश का खतरा बरकरार

अधिकारियों के मुताबिक, आने वाले दिनों में पुर्तगाल के कई हिस्सों में और ज्यादा बारिश हो सकती है। इससे पहले जनवरी के अंत में आए तूफान ने भी देश में व्यापक तबाही मचाई थी और कई लोगों की जान चली गई थी। मौजूदा हालात को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.