नवरात्रि से पहले सख्त एक्शन: गौतमबुद्धनगर में कुट्टू-सिंघाड़ा आटे पर छापेमारी, 400 किलो से ज्यादा माल सीज

0 16

गौतमबुद्धनगर। आगामी चैत्र नवरात्रि को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जनपदभर में खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर मिलावट और मानकों की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई का मकसद लोगों को व्रत के दौरान शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

कुलेसरा में बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में कुट्टू आटा जब्त
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार और विजय बहादुर पटेल की टीम ने कुलेसरा, ग्रेटर नोएडा स्थित संतोष ट्रेडर्स पर छापा मारा। यहां 240 किलो खुला कुट्टू आटा बिना बिल-बाउचर और निर्माण तिथि के मिला। इसके अलावा 250 ग्राम के 244 पैकेट भी बिना बैच नंबर और निर्माण तिथि के पाए गए। टीम ने नमूने लेने के बाद करीब 238 किलो खुला आटा और 240 पैकेट सीज कर दिए।

इसी क्रम में मुस्कान ट्रेडर्स पर भी छापेमारी की गई, जहां 70 किलो खुला कुट्टू आटा बिना बिल और निर्माण तिथि के मिला। साथ ही 250 ग्राम के 145 पैकेट भी मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। यहां से भी नमूने लेकर लगभग 70 किलो खुला आटा और 141 पैकेट सीज किए गए। इस तरह एक ही दिन में करीब 400 किलो कुट्टू आटा जब्त किया गया।

नोएडा में भी सैंपलिंग, सिंघाड़ा आटा और किशमिश की जांच
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह और एसके पांडेय की टीम ने सेक्टर-49 स्थित एक फुलफिलमेंट सेंटर से कुट्टू और सिंघाड़ा आटे के नमूने लिए। वहीं दूसरी टीम ने कासना स्थित एक किराना दुकान से किशमिश का सैंपल संग्रहित किया। कुल मिलाकर 7 खाद्य नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

विक्रेताओं को सख्त निर्देश, नियमों का पालन जरूरी
अधिकारियों ने सभी खाद्य विक्रेताओं को चेतावनी दी है कि वे केवल लाइसेंसी या पंजीकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही सामान खरीदें और हर खरीद का बिल जरूर रखें। साथ ही उत्पाद की निर्माण तिथि, बैच नंबर और अन्य आवश्यक जानकारी की जांच के बाद ही बिक्री करें।

आगे भी जारी रहेगा अभियान
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि नवरात्रि के दौरान इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे। प्रशासन का फोकस है कि जनपद में किसी भी तरह की मिलावटी या मानकहीन खाद्य सामग्री बाजार में न पहुंचे और लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध हों।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.