सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बढ़ते कॉपी और फर्जी कंटेंट को लेकर बड़ी कार्रवाई की गई है। टेक कंपनी Meta ने अपने प्लेटफॉर्म Facebook के लिए नए टूल्स और अपडेटेड कंटेंट गाइडलाइंस जारी की हैं। इन बदलावों का उद्देश्य क्रिएटर्स के ओरिजिनल कंटेंट की सुरक्षा बढ़ाना और प्लेटफॉर्म पर बढ़ते कॉपी-पेस्ट और स्पैम कंटेंट को रोकना है।
कंपनी के मुताबिक नए फीचर्स के जरिए अब क्रिएटर्स के लिए यह पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा कि वे अपने कंटेंट की चोरी या गलत इस्तेमाल की शिकायत दर्ज करा सकें। इसके अलावा यह कदम प्लेटफॉर्म पर तेजी से बढ़ रहे एआई जनरेटेड स्पैम और डुप्लीकेट कंटेंट को भी नियंत्रित करने में मदद करेगा।
क्रिएटर्स के लिए नया रिपोर्टिंग डैशबोर्ड
Meta ने घोषणा की है कि Facebook पर अब क्रिएटर्स को एक सेंट्रलाइज्ड रिपोर्टिंग डैशबोर्ड मिलेगा। इस डैशबोर्ड के जरिए वे उस कंटेंट को तुरंत फ्लैग कर सकेंगे जिसे कॉपी किया गया हो या उनके नाम से पोस्ट किया गया हो।
पहले क्रिएटर्स को हर पोस्ट के लिए अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज करनी पड़ती थी, जिससे प्रक्रिया काफी लंबी और जटिल हो जाती थी। नए सिस्टम में एक ही जगह से कई शिकायतें दर्ज की जा सकेंगी, जिससे कॉपी कंटेंट के खिलाफ कार्रवाई तेज होने की उम्मीद है।
‘ओरिजिनल कंटेंट’ की नई परिभाषा तय
Meta ने Facebook की कंटेंट गाइडलाइंस में भी बदलाव किया है। नई गाइडलाइन के अनुसार वह कंटेंट ओरिजिनल माना जाएगा जिसे क्रिएटर ने खुद शूट किया हो या तैयार किया हो।
इसके अलावा ऐसे वीडियो या रील्स भी ओरिजिनल माने जा सकते हैं जिनमें पहले से मौजूद कंटेंट पर नया विश्लेषण, टिप्पणी या अतिरिक्त जानकारी जोड़ी गई हो। इस बदलाव का उद्देश्य क्रिएटर्स को बेहतर प्रोत्साहन देना और प्लेटफॉर्म पर कॉपी-पेस्ट कंटेंट की समस्या को कम करना है।
AI जनरेटेड डीपफेक अभी भी चुनौती
हालांकि Meta के ये नए टूल्स कॉपी या डुप्लीकेट कंटेंट की पहचान करने में मदद करेंगे, लेकिन एआई जनरेटेड डीपफेक की पहचान करना अभी भी बड़ी चुनौती बना हुआ है।
अगर किसी क्रिएटर की पहचान या चेहरे का इस्तेमाल करके डीपफेक वीडियो बनाया जाता है तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई करना फिलहाल आसान नहीं है। सोशल मीडिया पर नकली एआई कंटेंट को लेकर बढ़ती शिकायतों के बाद ही Meta ने अपने नियमों को और सख्त करने का फैसला किया है।
Facebook Marketplace में भी आया AI फीचर
Meta ने Facebook Marketplace के लिए भी एक नया फीचर लॉन्च किया है। इसके तहत अब बिजनेस और सेलर Meta AI की मदद से ग्राहकों के सवालों का अपने-आप जवाब दे सकेंगे।
उदाहरण के तौर पर यदि कोई ग्राहक पूछता है कि “क्या यह अभी उपलब्ध है?”, तो Meta AI लिस्टिंग की जानकारी के आधार पर स्वतः जवाब तैयार कर देगा। इसमें कीमत, उपलब्धता और पिकअप लोकेशन जैसी जानकारी शामिल हो सकती है। इससे खरीद-फरोख्त की प्रक्रिया पहले से ज्यादा तेज और आसान होने की उम्मीद है।