नोएडा में ट्रैफिक पुलिस का सख्त अभियान, 7 हजार से ज्यादा चालान; गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई
नोएडा। सड़क सुरक्षा को लेकर नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने बुधवार को बड़े पैमाने पर अभियान चलाया। नियमों की अनदेखी कर सड़कों पर फर्राटा भरने वाले वाहन चालकों पर यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए एक ही दिन में सात हजार से ज्यादा चालान काटे। यह कार्रवाई सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक जनपद के अलग-अलग इलाकों में की गई।
गलत दिशा में गाड़ी दौड़ाने पर 790 चालकों पर शिकंजा
अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने विशेष रूप से गलत दिशा में वाहन चलाने वालों को निशाने पर लिया। इस दौरान 790 चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई, जो सड़क हादसों की बड़ी वजह माने जाते हैं।
हेलमेट और ओवरस्पीड पर भी सख्ती
यातायात नियमों के उल्लंघन पर की गई कार्रवाई में हेलमेट न पहनने वाले 2574 चालकों के चालान किए गए। वहीं, ओवरस्पीड में वाहन चलाने पर 364 वाहनों के ई-चालान काटे गए।
मैनुअल और ऑनलाइन दोनों तरह से हुई कार्रवाई
डीसीपी यातायात मनीषा सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान 3048 चालानों की कार्रवाई मैनुअल तरीके से की गई, जबकि 4190 वाहन चालकों के ऑनलाइन चालान काटे गए।
नशे में ड्राइविंग पर भी कार्रवाई, वाहन किए गए सीज
शराब पीकर वाहन चलाने वाले 15 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा नियमों का गंभीर उल्लंघन करने पर 21 वाहनों को सीज किया गया।
ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को किया गया जागरूक
डीसीपी यातायात ने बताया कि एक मूर्ति गोलचक्कर पर ऑटो और ई-रिक्शा चालकों सहित आम नागरिकों को पुलिस लाइन सूरजपुर के पास सड़क सुरक्षा नियमों को लेकर जागरूक किया गया। इस दौरान उन्हें यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व की जानकारी दी गई।