जनगणना-2027 की तैयारियों पर सख्त रुख, जिलाधिकारी ने समीक्षा बैठक में दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

0 26

गौतमबुद्धनगर में राष्ट्रीय जनगणना-2027 को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में दूसरी समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए।

मकान सूचीकरण ब्लॉक समय पर पूरा करने के निर्देश
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना कार्य के तहत प्रगणकों को आवंटित किए जाने वाले क्षेत्रों के मकान सूचीकरण ब्लॉकों का निर्माण तय समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि आगे की प्रक्रिया में कोई बाधा न आए।

प्रगणक और पर्यवेक्षक नियुक्ति के लिए मांगी गई सूची
जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा और पंचायत राज विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों के कर्मचारियों की सूची तत्काल उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन सूचियों के आधार पर ही प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी।

प्रशिक्षण की तैयारी जल्द पूरी करने के निर्देश
प्रत्येक तहसील और नगरीय क्षेत्र के जनगणना चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने क्षेत्रों में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण के लिए स्थान और तिथि तय कर उसकी सूचना अगले दिन तक जिलाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराएं।

लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का अत्यंत संवेदनशील कार्य है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
इस समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी अतुल कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार सहित नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना प्राधिकरण और तीनों तहसीलों के चार्ज अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ से उप निदेशक अभिमन्यु सिंह तथा जिला प्रभारी जनगणना प्रदीप कुमार और उत्कर्ष पांडेय भी बैठक में शामिल हुए।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.