चांदी में जोरदार उछाल, 8,500 रुपये की छलांग; जानिए अगले हफ्ते सोना-चांदी किन स्तरों तक जा सकते हैं

0 29

वायदा बाजार में कीमती धातुओं ने एक बार फिर तेज रफ्तार पकड़ ली है। कमजोर अमेरिकी महंगाई आंकड़ों के बाद ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें बढ़ने से सोना और चांदी दोनों में खरीदारी लौटी है। शुक्रवार 5 मार्च को MCX पर चांदी 3.62% यानी 8,564 रुपये की उछाल के साथ 2,44,999 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। वहीं अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 0.2% यानी 305 रुपये चढ़कर 1,56,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर दर्ज किया गया।

हाजिर बाजार में भी लौटी तेजी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में पिछले सत्र की भारी गिरावट के बाद तेज रिकवरी देखने को मिली। हाजिर चांदी 2.1% उछलकर 77.27 डॉलर प्रति औंस पहुंच गई, जबकि एक दिन पहले इसमें करीब 11% की गिरावट आई थी। हाजिर सोना भी 2.33% बढ़कर 5063 डॉलर प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया और साप्ताहिक आधार पर यह 1% से अधिक मजबूत बना हुआ है। गुरुवार को बुलियन में करीब 3% की गिरावट आई थी, जिसके बाद यह एक हफ्ते के निचले स्तर पर आ गया था।

फेड की नीति उम्मीदों से मिला सहारा
विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिकी महंगाई आंकड़े उम्मीद से कमजोर रहने के बाद फेडरल रिजर्व की ओर से इस साल दर कटौती की संभावनाएं बढ़ी हैं, जिसने बुलियन बाजार में खरीदारी को सपोर्ट दिया है। यही वजह है कि गिरावट के बाद निवेशकों ने फिर से पोजिशन बनानी शुरू कर दी।

सोने के लिए अहम सपोर्ट जोन
विश्लेषकों के मुताबिक 1,50,000 रुपये प्रति 10 ग्राम का स्तर सोने के लिए मजबूत सपोर्ट बना हुआ है, जहां फिजिकल डिमांड और निवेश दोनों सक्रिय हैं। यदि कीमतें 1,60,000 रुपये के ऊपर टिकती हैं तो अगला टार्गेट 1,65,000 से 1,70,000 रुपये के बीच बन सकता है। जब तक COMEX गोल्ड अपने प्रमुख स्ट्रक्चरल सपोर्ट को निर्णायक रूप से नहीं तोड़ता, तब तक बड़ी गिरावट का जोखिम सीमित माना जा रहा है।

चांदी के लिए आगे क्या संकेत
MCX चांदी फिलहाल 2,33,000 से 2,35,000 रुपये प्रति किलोग्राम के सपोर्ट जोन में मजबूत बेस बना रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि कीमतों में गिरावट का दबाव अब कमजोर पड़ रहा है और अगर 2,65,000 रुपये के ऊपर निर्णायक ब्रेकआउट मिलता है तो मीडियम टर्म में 2,80,000 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर की ओर तेजी संभव है। वैश्विक सप्लाई सख्ती और स्थिर इंडस्ट्रियल डिमांड भी चांदी को मजबूती दे रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.