पूर्वोत्तर भारत के असम से बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। भारतीय वायुसेना का आधुनिक सुखोई लड़ाकू विमान Su-30MKI क्रैश हो गया है। इस हादसे में दोनों पायलट शहीद हो गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार विमान अचानक रडार से गायब हो गया था, जबकि बाद में इसका मलबा असम के कार्बी आंगलॉन्ग इलाके में पाया गया। यह लड़ाकू विमान भारतीय वायुसेना की रीढ़ की हड्डी माना जाता है और इसके 200 से अधिक यूनिट्स देशभर में तैनात हैं।
कैसे लापता हुआ विमान
सूत्रों के अनुसार, सुखोई लड़ाकू विमान असम के जोरहाट से ट्रेनिंग फ्लाइट के लिए उड़ान भर रहा था। विमान से आखिरी संपर्क शाम 7:42 बजे हुआ। कुछ ही समय बाद यह रडार से अचानक गायब हो गया, जिसके बाद वायुसेना ने तत्काल जांच शुरू कर दी।
क्रैश की पुष्टि और पायलटों की शहादत
अभी सामने आई रिपोर्ट के अनुसार विमान असम के कार्बी आंगलॉन्ग इलाके में जोरहाट से लगभग 60 किलोमीटर दूर क्रैश हुआ। स्थानीय लोगों ने आसमान में विमान को अचानक नीचे गिरते देखा और जोरदार धमाके की आवाज सुनी। इस हादसे में स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पूर्वेश दुरागकर शहीद हुए।
खोज एवं बचाव अभियान जारी
डिफेंस पीआरओ गुवाहाटी ने Su-30MKI लड़ाकू विमान के रडार से गायब होने की पुष्टि की। एयरफोर्स की टीम तुरंत घटनास्थल पर भेजी गई और खोज एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जाएगा।