प्रदेश में गर्भवती महिलाओं को सहारा: पहली बार गर्भधारण पर मजदूर परिवारों की महिलाओं को मिल रही ₹6000 की सहायता

0 19

लखनऊ: प्रदेश में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत गरीब और मजदूर परिवारों की गर्भवती महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। योजना के अंतर्गत पहली बार गर्भधारण करने वाली पात्र महिलाओं को वित्तीय लाभ दिया जाता है, जिससे गर्भावस्था के दौरान उन्हें बेहतर पोषण और स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

देश में बड़ी संख्या में महिलाएं अल्पपोषण की समस्या से जूझ रही हैं, जिसका सीधा प्रभाव उनके स्वास्थ्य और शिशुओं के जन्म पर पड़ता है। अल्पपोषित माताएं अक्सर कम वजन वाले बच्चों को जन्म देती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार यदि गर्भवती महिला स्वयं कुपोषित होती है तो शिशु का कुपोषण गर्भावस्था से ही शुरू हो जाता है, जो आगे चलकर लंबे समय तक बना रह सकता है।

आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियों के कारण मजदूरी करने वाली कई महिलाएं गर्भावस्था के अंतिम दिनों तक काम करने को मजबूर होती हैं। इतना ही नहीं, प्रसव के बाद भी कई महिलाएं पूरी तरह स्वस्थ हुए बिना ही मजदूरी शुरू कर देती हैं। इससे न केवल उनका स्वास्थ्य प्रभावित होता है, बल्कि वे अपने शिशु को पर्याप्त स्तनपान कराने में भी सक्षम नहीं हो पातीं। परिणामस्वरूप मां और शिशु दोनों ही कमजोर हो जाते हैं और कई तरह की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

2017 में शुरू हुई योजना, गर्भवती महिलाओं को मिलती है आर्थिक मदद

इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 जनवरी 2017 को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की शुरुआत की थी। योजना के तहत जच्चा-बच्चा स्वास्थ्य से जुड़ी निर्धारित शर्तों को पूरा करने पर पहली बार गर्भधारण करने वाली गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को आर्थिक सहायता दी जाती है।

इस योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को कुल ₹6000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। इसमें ₹5000 की राशि तीन किस्तों में दी जाती है, जबकि संस्थागत प्रसव के बाद जननी सुरक्षा योजना के तहत अनुमोदित मानकों के अनुसार अतिरिक्त ₹1000 की सहायता दी जाती है। इस प्रकार प्रत्येक पात्र महिला को कुल ₹6000 की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है, ताकि वह गर्भावस्था के दौरान उचित पोषण प्राप्त कर सके और स्वस्थ रह सके।

प्रदेश में लाखों महिलाएं हो चुकी हैं लाभान्वित

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। योजना के माध्यम से अब तक प्रदेश में लाखों महिलाओं को लाभ मिल चुका है।

29 मार्च 2024 से इस योजना का संचालन महिला कल्याण तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा किया जा रहा है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार इस अवधि में प्रदेश की 5.65 लाख से अधिक पात्र गर्भवती महिलाओं को योजना के तहत लाभ प्रदान किया जा चुका है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.